सिवनी में बड़ा हादसा : कार से टकराने के बाद पुलिस जवानों को ले जा रही बस पलटी, 3 लोगों की मौत; CM की सुरक्षा में ड्यूटी के लिए जा रहे थे

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में बड़ा हादसा हो गया। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की सुरक्षा में तैनाती के लिए जा रही पुलिसकर्मियों की बस कार से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा केवलारी थाना क्षेत्र स्थित लोपा गांव के पास हुआ। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
https://twitter.com/psamachar1/status/1776504594622759376
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मंडला निवासी कुछ लोग नागपुर से इलाज कराकर कार से वापस घर जा रहे थे। इस दौरान रात 1 बजे मंडला की ओर से 35वीं बटालियन के एसएफ जवानों को लेकर बस सिवनी आ रही थी। तभी बस धानागढ़ के पास कार से टक्करा गई। कार से टकराने के बाद बस का संतुलन बिगड़ गया और बस पलट गई। टक्कर इतनी तेज थी की कार में सवार मंडला निवासी अशोक कुकरेजा, ममता जसवानी, निखलेश जसवानी, कन्हैया जसवानी और पुरूषोत्तम उर्फ काजू महोबिया गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बस में सवार लगभग 26 जवान भी घायल हो गए।
हादसे में 3 की मौत
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी केवलारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और सभी घायलों को समुदाय सिविल अस्पताल केवलारी लाया गया। जहां कार सवार घायल निखलेश जसवानी, कन्हैया जसवानी और कार चालक पुरुषोत्तम उर्फ काजू महिपाल को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।





















