रिमझिम बारिश में तिरंगे के रंग में रंगा सीहोर, 1500 बच्चों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

सीहोर। स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व से ठीक दो दिन पहले बुधवार को सीहोर शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। रिमझिम बारिश के बीच हाथों में तिरंगा थामे स्कूली बच्चों, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता की। करीब डेढ़ हजार स्कूली बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को यादगार बना दिया।
टाउन हॉल से शुरू हुई यात्रा, गूंजे देशभक्ति के नारे
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शहर के टाउन हॉल से विधायक सुदेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। यात्रा शुरू होने से पहले आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए। इसके बाद तिरंगा हाथों में लेकर लोगों का कारवां आगे बढ़ा। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों से शहर की सड़कें गूंज उठीं। हल्की बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।
प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी तिरंगा यात्रा
टाउन हॉल से शुरू हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। बस स्टैंड, आनंद डेयरी, कोतवाली चौराहा, पान चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से तिरंगा यात्रा निकली। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। सड़क के दोनों ओर मौजूद लोगों ने तिरंगा लहराकर देशभक्ति के इस आयोजन में सहभागिता की। बच्चों और युवाओं का उत्साह विशेष रूप से देखने लायक रहा।
विधायक से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने थामा तिरंगा
यात्रा में विधायक सुदेश राय, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जसपाल सिंह अरोरा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, कलेक्टर बालागुरू के. और पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए। जिला पंचायत सीईओ सर्जना सिंह, डीएफओ अर्चना पटेल, अपर कलेक्टर बृजेश सक्सेना, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीएम तन्मय वर्मा और जिला शिक्षा अधिकारी शीलू शर्मा सहित प्रशासनिक अमला भी यात्रा में मौजूद रहा।
उत्कृष्ट विद्यालय के 110 स्वयंसेवकों ने बढ़ाया उत्साह
जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा में उत्कृष्ट विद्यालय सीहोर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने भी सक्रिय सहभागिता की। प्राचार्य सुनीता जैन के मार्गदर्शन और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र राय के नेतृत्व में 110 स्वयंसेवक तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। संतोष सोनी, डॉ. देवेंद्र साहू, एनसीसी एएनओ दिनेश मेवाड़ा, शोएब खान, कार्तिक राय, भूपेंद्र परमार, अभय ठाकुर और डॉली गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
अटल चौराहे पर हुआ यात्रा का समापन
तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अटल चौराहे पर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। समापन अवसर पर अतिथियों ने यात्रा में शामिल विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों और नागरिकों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और नागरिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
तिरंगा हमारी एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक
समापन अवसर पर अतिथियों ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके तीनों रंग और अशोक चक्र भारत की गौरवशाली परंपरा, शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति का संदेश देते हैं। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से मिली आजादी की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सभी नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने का आह्वान किया गया।
इछावर में भी निकली तिरंगा यात्रा, मंत्री करण सिंह वर्मा हुए शामिल
हर घर तिरंगा अभियान के तहत इछावर में भी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने भारत माता की जय के उद्घोष किए। यात्रा के दौरान पूरा इछावर नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साह के साथ तिरंगा लहराते हुए राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक : वर्मा
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसमें भारत की एकता, अखंडता और गौरव की भावना समाहित है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। आजादी हमें अनेक वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से मिली है, इसलिए उनके त्याग को हमेशा याद रखना चाहिए।
राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का लिया संकल्प
मंत्री वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन भी है। सभी नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने और देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। इछावर की तिरंगा यात्रा में नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा, कैलाश सुराणा, मनीष विश्वकर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।












