PlayBreaking News

सीहोर में अपराधियों पर सख्ती:एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने सभी थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश

सीहोर एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने अपराध समीक्षा बैठक में हत्या, लूट, महिला सुरक्षा, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, डिजिटल पुलिसिंग और आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए।
Follow on Google News
एसपी की अपराध समीक्षा बैठक में कानून व्यवस्था पर फोकस

सीहोर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के सभी एसडीओपी, सीएसपी और थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में गंभीर अपराधों, महिला सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं, डिजिटल पुलिसिंग, वारंटियों की गिरफ्तारी और आगामी त्योहारों की सुरक्षा तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी ने कहा कि आमजन का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है और हर शिकायत का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

हत्या, लूट और चोरी जैसे गंभीर अपराधों की गहन समीक्षा

बैठक में वर्ष 2024, 2025 और 2026 के दौरान जिले में दर्ज हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, गृहभेदन और चोरी जैसे गंभीर अपराधों की थाना स्तर पर विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि गंभीर अपराधों में आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी का प्रतिशत बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई से ही कानून का भय कायम रहेगा।

महिला और बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

बैठक में महिला एवं अनुसूचित जाति-जनजाति के विरुद्ध दर्ज मामलों की भी गंभीरता से समीक्षा की गई। पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म से जुड़े प्रकरणों में 60 दिन की निर्धारित समय-सीमा के भीतर विवेचना पूरी कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आईटीएसएसओ पोर्टल पर लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

असामाजिक तत्वों पर होगी लगातार कार्रवाई

जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए जिला बदर, एनएसए, आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट, सट्टा, जुआ और एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार और प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए ताकि जिले में अपराध का वातावरण समाप्त हो सके।

डिजिटल पुलिसिंग को और मजबूत बनाने पर जोर

बैठक में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विशेष बल दिया गया। सीसीटीएनएस पोर्टल पर चार्जशीट अपलोडिंग, ई-रक्षक एप के माध्यम से समंस और वारंट की तामीली, ई-साक्ष्य, ई-विवेचना, एनडीएसओ, निदान, आईसीजेएस और एनएएफआईएस जैसे राष्ट्रीय पोर्टलों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही ई-एफआईआर, ई-जीरो एफआईआर और जीरो एफआईआर से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

जनशिकायतों के निराकरण में नहीं चलेगी लापरवाही

पुलिस अधीक्षक ने सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, लंबित मर्ग, चालान और विभागीय जांचों की समीक्षा करते हुए कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

ये भी पढ़ें: सिंगरौली: खाट पर ले जाना पड़ा नाबालिग का शव, सड़क के अभाव में नहीं पहुंची एंबुलेंस

रात्रि गश्त बढ़ेगी, फरार वारंटियों की होगी धरपकड़

बैठक में सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी अभियान तेज करने और अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के लिए विशेष रणनीति अपनाने को कहा गया। उद्देश्य स्पष्ट था कि अपराधियों को किसी भी स्थिति में कानून से बचने का अवसर न मिले।

त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत

आगामी त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, शांति समिति की बैठकें, सीसीटीवी एवं ड्रोन निगरानी, सोशल मीडिया और अफवाहों की मॉनिटरिंग, यातायात डायवर्जन, फ्लैग मार्च तथा मॉक ड्रिल जैसे सुरक्षा उपायों को समय पर लागू करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

ये भी पढ़ें: Raipur News: DCP के गनमैन की संदिग्ध मौत: पुलिस क्वार्टर में जहर पीने के बाद तोड़ा दम, वजह की जांच शुरू

सभी वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

अपराध समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, जिले के सभी एसडीओपी एवं सीएसपी, रक्षित निरीक्षक, सभी थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह तथा तकनीक आधारित बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से मंथन किया गया।

Edited By: Sumit Shrivastava

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ को सच और संवेदनशीलता के साथ उठाने का संकल्प ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts