सीहोर : भैरूंदा में जुए की फड़ पर पुलिस का धावा, 71 हजार रुपए नकद और 5 लाख का माल जब्त, 7 आरोपी पकड़े
सीहोर। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में भैरूंदा पुलिस ने लाडकुई क्षेत्र में जुए की फड़ पर अचानक छापा मारकर बड़ा खुलासा किया है। खेत में बनी टपरिया के भीतर ताश के पत्तों पर रुपयों का दांव लगा रहे सात आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। मौके से 71 हजार रुपए नकद, सात मोबाइल और छह मोटरसाइकिल सहित करीब पांच लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया। हालांकि, पुलिस की दबिश के दौरान चार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीओपी रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में भैरूंदा पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाडकुई में शैलेन्द्र ठाकुर के खेत पर बनी टपरिया में कुछ लोग रोशनी के बीच ताश के पत्तों से रुपयों का हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही मची भगदड़, घेराबंदी में सात पकड़े
पुलिस टीम जब खेत में बनी टपरिया पर पहुंची तो वहां कुछ लोग रुपयों और ताश के पत्तों के साथ जुआ खेलते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही जुआ खेलने वालों में भगदड़ मच गई और आरोपी भागने लगे।पुलिस बल ने तत्काल घेराबंदी कर सात लोगों को पकड़ लिया। वहीं, चार अन्य आरोपी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश और उनके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
फड़ से नकदी, मोबाइल और मोटरसाइकिल जब्त
एसडीओपी रोशन कुमार जैन के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 71 हजार रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते, सात मोबाइल फोन तथा मौके पर खड़ी छह मोटरसाइकिल बरामद की गईं। पुलिस ने सभी सामग्री को जब्ती पत्रक के अनुसार जब्त कर अपने कब्जे में लिया। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ खेलने में इस्तेमाल हो रही सामग्री और मौके पर मौजूद वाहनों को भी जब्ती की कार्रवाई में शामिल किया।
लाडकुई के सात आरोपी पुलिस की कार्रवाई में आए पकड़ में
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिषेक पिता रामचरण उम्र 25 वर्ष, यशवंत पिता मांगीलाल ठाकुर उम्र 52 वर्ष, जितेंद्र पिता मोती सिंह उम्र 36 वर्ष, बाबूलाल पिता मूलचंद बागवान उम्र 38 वर्ष, सुनील वर्मा पिता कैलाशचंद वर्मा उम्र 42 वर्ष, अनुराग पिता महेंद्र मुकाती उम्र 20 वर्ष और हरिनारायण पिता बोंदर सिंह मीना उम्र 53 वर्ष, सभी निवासी लाडकुई के रूप में हुई है।
इंदौर में पुलिस पर चाकू से हमला! युवक को पकड़ने पहुंचे जवान की पीठ पर किया वार
जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई, विवेचना जारी
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 13 जुआ एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। आरोपियों को धारा 35 बीएनएसएस के तहत न्यायालय में उपस्थित होने संबंधी नोटिस तामील कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मौके से फरार हुए चार आरोपियों के विरुद्ध भी अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






















