TI हत्या मामले में बड़ा खुलासा, कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल गिरफ्तार; बोला- शराब कारोबार में 30% हिस्सेदारी
हरदा। खातेगांव टीआई दिलीप पुरी की मौत के मामले में राहुल जायसवाल का नाम सामने आया था। गिरफ्तारी के बाद उनका दूसरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने शराब कारोबार में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी होने की बात स्वीकार की है।
इंदौर एयरपोर्ट से गिरफ्तार हुए राहुल जायसवाल
युवक कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राहुल जायसवाल को पुलिस ने सोमवार देर रात इंदौर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। वे दिल्ली से सीधे इंदौर पहुंचे थे। खातेगांव टीआई दिलीप पुरी की मौत के मामले में पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद उनका दूसरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ट्रक की चपेट में आने से हुई थी टीआई की मौत
रविवार और सोमवार की दरमियानी रात इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर अवैध शराब से भरे ट्रक की चपेट में आने से खातेगांव टीआई दिलीप पुरी की मौत हो गई थी। वे अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिलने पर कार्रवाई करने पहुंचे थे। टीआई ने ट्रक चालक को बाहर आने के लिए कहा, लेकिन चालक ट्रक लेकर भागने लगा। इसी दौरान पिछले पहिये की चपेट में आने से उनकी जान चली गई।
ये भी पढ़ें: टीआई की मौत के बाद हरदा में शराब दुकानों पर कार्रवाई, तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित; आबकारी अधिकारी भी सस्पेंड
टिमरनी की शराब दुकान से भरी गई थी शराब
पुलिस जांच में हरदा जिले के टिमरनी स्थित एक शराब दुकान से ट्रक में अवैध शराब भरे जाने की पुष्टि हुई थी। बैच नंबर 025 की शराब टिमरनी में राधाबाई की पुलिया के पास स्थित दुकान से भरी गई थी। मामले में आबकारी विभाग के अपर आयुक्त राजेश हेनरी ने हरदा के सहायक आबकारी अधिकारी अमरसिंह बघेल और आरक्षक अरुण कुमरे व कृष्णपाल सिंह डोड़रिया को निलंबित कर दिया था।
तीन शराब दुकानों के लाइसेंस भी निलंबित
अवैध शराब से जुड़े मामले में टिमरनी की दो और रहटगांव की एक शराब दुकान के लाइसेंस भी निलंबित किए गए थे। इस मामले में टिमरनी के कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल का नाम सामने आया था। उन्होंने शुरुआत में मीडिया से बातचीत और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शराब ठेके से अपना संबंध होने से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि शराब कारोबार से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
वायरल वीडियो में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी की बात स्वीकारी
सोशल मीडिया पर वायरल दूसरे वीडियो में राहुल जायसवाल ने शराब कारोबार में अपनी 30 प्रतिशत हिस्सेदारी होने की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि वे शराब दुकान का मैनेजमेंट देखते हैं। उनके मुताबिक, इस कारोबार में मनीष जायसवाल इंदौर, मोईन जायसवाल अहमदाबाद और पाटेंद्र जायसवाल बड़वानी भी शामिल हैं। राहुल ने वीडियो में हिस्सेदारी का ब्योरा देते हुए सभी की 30 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई, जबकि पाटेंद्र जायसवाल का हिस्सा 10 प्रतिशत बताया। मामले में खातेगांव पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।






















