Nvidia CEO Jensen Huang का एक और अफेयर! कंपनी की महिला VP Kimberly Powell से रिश्तों का दावा

दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग (Jensen Huang) इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। चीन की जासूस एलिस हुआंग (Alice Huang) के साथ रिश्तों को लेकर पहले से विवादों में घिरे जेन्सेन हुआंग को लेकर अब एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। नई मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उनका अपनी ही कंपनी की एक वरिष्ठ महिला अधिकारी किम्बर्ली पॉवेल (Kimberly Powell) के साथ भी अफेयर था। बताया जा रहा है कि पॉवेल Nvidia में हेल्थकेयर की वाइस प्रेसिडेंट हैं और सीधे कंपनी के CEO को रिपोर्ट करती हैं। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि दोनों को एक टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस के दौरान सैन होस के एक होटल में करीबी अंदाज में देखा गया था। इस घटना को एक व्यक्ति ने अपने फोन में रिकॉर्ड भी किया था। अब इस नए खुलासे ने टेक्नोलॉजी की दुनिया में हलचल मचा दी है।
कौन हैं किम्बर्ली पॉवेल, जिनका नाम जेन्सेन हुआंग से जुड़ा?
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, किम्बर्ली पॉवेल Nvidia की वरिष्ठ अधिकारियों में शामिल हैं। वह कंपनी में हेल्थकेयर की वाइस प्रेसिडेंट के पद पर काम करती हैं। उनकी उम्र 48 साल बताई गई है और वह साल 2008 में Nvidia से जुड़ी थीं। पॉवेल Nvidia के वैश्विक हेल्थकेयर कारोबार की जिम्मेदारी संभालती हैं। उनके काम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), एक्सीलरेटेड कंप्यूटिंग और विजुअलाइजेशन से जुड़े हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म शामिल हैं। इन तकनीकों का इस्तेमाल मेडिकल इमेजिंग, दवाओं की खोज, लाइफ साइंसेज और हेल्थकेयर एनालिटिक्स जैसे क्षेत्रों में किया जाता है।
2008 में कंपनी से जुड़ीं, 2017 में बनीं वाइस प्रेसिडेंट
किम्बर्ली पॉवेल ने Nvidia में अपने करियर की शुरुआत मेडिकल इमेजिंग से जुड़े काम के साथ की थी। उनकी जिम्मेदारी मेडिकल इमेजिंग उपकरणों में Nvidia GPU को एक्सेलेरेटर प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित करने की थी। इसके बाद उन्होंने कंपनी में लगातार तरक्की की।
- 2008: Nvidia में करियर की शुरुआत की।
- 2016: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बिजनेस डेवलपमेंट की सीनियर डायरेक्टर बनीं।
- 2017: हेल्थकेयर की वाइस प्रेसिडेंट नियुक्त हुईं।
टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस के दौरान होटल में क्या हुआ?
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मार्च 2026 में सैन होस में Nvidia की सालाना डेवलपर कॉन्फ्रेंस GTC आयोजित हुई थी। इस कार्यक्रम में दुनिया भर से टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ, अधिकारी और उद्योग जगत से जुड़े लोग शामिल हुए थे। इसी दौरान Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग और किम्बर्ली पॉवेल को पास के एक होटल में एक-दूसरे के साथ काफी करीबी अंदाज में देखा गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, वहां मौजूद एक व्यक्ति ने इस घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था। घटना की जानकारी रखने वाले तीन लोगों ने अखबार को बताया कि हुआंग की सिक्योरिटी टीम को जब इस रिकॉर्डिंग की जानकारी मिली तो उन्होंने उस व्यक्ति को रोक लिया।
पहले एलिस हुआंग के साथ रिश्तों को लेकर विवाद
जेन्सेन हुआंग का नाम इससे पहले एलिस हुआंग के साथ कथित रिश्तों को लेकर भी चर्चा में आया था। एलिस हुआंग सिंगापुर की कंपनी Megaspeed से जुड़ी एक कारोबारी अधिकारी बताई जाती हैं। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के आकलन का हवाला देते हुए मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि एलिस हुआंग के चीन की खुफिया एजेंसी से संबंध हो सकते हैं और वह बीजिंग के लिए जानकारी जुटा रही थीं। हालांकि, इन जासूसी संबंधी दावों की सार्वजनिक रूप से स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। चीन ने भी ऐसे आरोपों को खारिज किया है। इस मामले के सामने आने के बाद Nvidia के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच शुरू करने की बात कही थी। जेन्सेन हुआंग ने कंपनी के कर्मचारियों को भेजे संदेश में अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी थी।



















