स्पेन में आवास संकट के खिलाफ 40 लाख श्रमिकों की आम हड़ताल, बार्सिलोना-मैड्रिड में पुलिस से झड़प

मैड्रिड।स्पेन में देश के आवास संकट के खिलाफ 40 लाख श्रमिकों द्वारा की गई आम हड़ताल बुधवार को काफी हद तक शांतिपूर्ण रही, हालांकि शाम होते-होते बार्सिलोना और मैड्रिड के कुछ इलाकों में झड़पें शुरू हो गईं। इस हड़ताल में कुल श्रमिक संख्या के 20 फीसदी ने हिस्सा लिया। श्रमिकों ने खराब मौसम के बावजूद विरोध प्रदर्शन किया। आम चुनाव से तीन सप्ताह से भी कम समय पहले मैड्रिड, बार्सिलोना और स्पेन के अन्य शहरों में बड़े पैमाने पर मार्च निकाले गए। इस हड़ताल को स्पेन के दो सबसे बड़े यूनियनों 'जनरल यूनियन ऑफ वर्कर्स' (UGT) और 'वर्कर्स कमीशन' (CCOO) - का समर्थन प्राप्त है, जो 10 लाख से अधिक श्रमिकों का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसके अलावा बढ़ते किराए और बेदखली से नाराज किरायेदारों के संगठन भी इस हड़ताल में शामिल हैं।
पुलिस से झड़पें हुईं
बार्सिलोना में शाम को पुलिस और कुछ प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुईं। पुलिस के अनुसार, आम हड़ताल से जुड़ी कम से कम 1,044 घटनाओं के सिलसिले में रात 9 बजे तक पूरे देश में 73 लोगों को गिरफ्तार किया गया। रॉयटर्स के अनुसार मुख्य मार्च खत्म होने के बाद सड़क पर रखे फर्नीचर में आग लगा दी गई थी। हिंसा की घटनाओं में घटनाओं में कार्यालयों और औद्योगिक क्षेत्रों को रोकना तथा कचरे के कंटेनरों में आग लगाना शामिल था। मैड्रिड में भी तनाव बढ़ गया, जब दंगा-रोधी पुलिस ने 'प्लाजा डी एस्पाना' के आसपास प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए फोम की गोलियों, आंसू गैस और पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया।
साढ़े सात लाख माकनों की कमी
केंद्रीय बैंक के अनुसार, स्पेन में लगभग 7,50,000 घरों की कमी है और 2028 तक यह आंकड़ा बढ़कर 10 लाख से अधिक हो जाने का अनुमान है। बहुत कम लोग घर खरीदने की स्थिति में हैं, इसलिए किराए पर रहने का चलन तेजी से बढ़ा है, जिससे रेंटल मार्केट पर दबाव पड़ गया है। स्पेन की 'यूथ काउंसिल' के अनुसार, वहां किराए की औसत कीमत 1,176 यूरो (1,315 डॉलर) है, जो स्पेन में एक युवा की औसत मासिक कमाई का औसतन 98.7% हिस्सा है।
यह 2012 के बाद पहली आम हड़ताल है
उस समय 'यूरो जोन' ऋण संकट के दौरान लागू किए गए कठोर आर्थिक उपायों के विरोध में श्रमिकों ने काम बंद कर दिया था। हालांकि प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज को उम्मीद है कि 29 नवंबर के चुनाव में वे आवास (housing) को लेकर मतदाताओं की नाराजगी का फायदा उठा सकेंगे। इससे लोगों का ध्यान सेउटा (Ceuta) में हुई प्रवासियों से जुड़ी एक जानलेवा घटना और पिछले महीने हुए ट्रेन हादसे से हट सकेगा। अब तक ओपिनियन पोल में उनकी सोशलिस्ट पार्टी पीछे चल रही है।
यूरोप के इन देशों में हाल ही में हुए हैं विरोध प्रदर्शन
- फ्रांस वर्तमान यूरोपीय आंदोलनों का मुख्य केंद्र बना हुआ है, जहां सितंबर में छात्रों द्वारा स्कूलों की खराब स्थिति के विरोध से शुरू हुआ था।
- जर्मनी में अक्टूबर के अंत में 30 से अधिक शहरों में एक लाख से ज्यादा युवा शिक्षा के लिए अधिक बजट, महंगाई से राहत और अनिवार्य सैन्य सेवा की योजनाओं के विरोध में सड़कों पर उतरे।
- इटली के रोम, मिलान और ट्यूरिन जैसे प्रमुख शहरों में छात्रों और मजदूरों ने कम वेतन, महंगाई, सार्वजनिक सेवाओं में कटौती और रक्षा बजट बढ़ाने के खिलाफ आम हड़ताल और प्रदर्शन किए।
- पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में युवाओं और निवासियों ने महंगे मकानों, बढ़ते किराए और किरायेदारों को बेदखल करने वाले नए कानूनों के विरोध में प्रदर्शन किए।
- बेल्जियम राजधानी ब्रसेल्स में छात्रों और श्रमिकों ने जीवनयापन की बढ़ती लागत और सरकारी आर्थिक नीतियों के खिलाफ मार्च निकाला, पुलिस से झड़पें हुईं।
- अल्बानिया की राजधानी तिराना और अन्य शहरों में सरकारी भ्रष्टाचार, शिक्षा की ऊंची लागत और बुनियादी वस्तुओं की महंगाई के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन हुए।
- सर्बिया में सरकारी भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों के नेतृत्व में बड़े आंदोलन हुए।
- ग्रीस में छात्र शिक्षा बजट में कटौती और महंगाई के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं।




















