सीहोर में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां तेज, सांसद आलोक शर्मा ने कार्यकर्ताओं को दिए दिशा-निर्देश

सीहोर। सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी पहचान सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के घर पहुंचकर आशीर्वाद का दीया प्रज्ज्वलित किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक मोहल्ले में प्रभारी नियुक्त करने, लाभार्थियों की सूची तैयार करने और पर्याप्त संख्या में दीयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
सेवा चित्र में स्कूलों में दिखेगा बदलते भारत का चित्र
बैठक में बताया गया कि 18 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सेवा चित्र कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सरकारी और निजी स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतियोगिताओं का विषय ‘2014 के पहले का भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बदलता भारत’ रखा जाएगा। विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा और उनके अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: बेटी से दुष्कर्म करने वाले पिता को अंतिम सांस तक उम्रकैद, रायपुर कोर्ट का सख्त फैसला।
नुक्कड़ नाटकों से जनता तक पहुंचेंगे सरकार के काम
‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ता नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से केंद्र सरकार के प्रमुख फैसलों और योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएंगे। इनमें धारा 370 का उन्मूलन, तीन तलाक से मुक्ति, सीमाओं की सुरक्षा, गरीब कल्याण, स्वच्छता अभियान, जनधन, उज्ज्वला और आयुष्मान भारत जैसे विषयों को शामिल किया जाएगा। भाजपा संगठन का लक्ष्य इन कार्यक्रमों के जरिए सरकार की उपलब्धियों को सीधे जनता के बीच ले जाना है।
महिलाओं से संवाद करेगा महिला मोर्चा
‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम महिला मोर्चा द्वारा आयोजित किया जाएगा। इसके तहत आंगनवाड़ियों में पहुंचकर मातृशक्ति से संवाद किया जाएगा और सरकारी योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली जाएगी। उनके अनुभवों और योगदान के सम्मान में महिलाओं को शॉल-श्रीफल से सम्मानित करने की योजना भी बनाई गई है।
लाभार्थियों की कहानी बनेगी अभियान की आवाज
‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों की वास्तविक सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी। कार्यकर्ता लाभार्थियों से संवाद कर उनके अनुभवों के वीडियो तैयार करेंगे और सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें व्यापक स्तर पर प्रसारित करेंगे।
‘सेवा सेतु’ बनेगा पात्र हितग्राहियों और योजनाओं के बीच कड़ी
‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम के तहत भाजपा कार्यकर्ता अपने क्षेत्रों में पात्र नागरिकों की पहचान करेंगे और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ लाभ दिलाने में सहयोग करेंगे। सांसद शर्मा ने कहा कि संगठन का प्रयास होना चाहिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी या प्रक्रिया के अभाव में सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
गुड़भेला मंडल में जसपाल अरोरा ने भी दिया सेवा का संदेश
इसी कड़ी में इछावर विधानसभा के गुड़भेला मंडल की कार्यसमिति बैठक में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य और सीहोर जिला पंचायत व नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मना रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एक महीने तक लगातार सेवा कार्यों में जुटने का आह्वान किया।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर में RSS का युवा सम्मेलन, युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका का आह्वान
जन्मदिन पर सेवा कार्यों से जुड़े कार्यकर्ता
अरोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को उल्लास और उमंग के साथ मनाने के साथ सेवा कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। युवाओं के बीच जाकर उन्हें देश में हुए बदलावों की जानकारी देने, अस्पतालों में मरीजों की सेवा करने, गरीबों की मदद और पौधरोपण जैसे कार्य करने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीबों को आवास, महिलाओं को उज्ज्वला योजना, किसानों को सम्मान और युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम हुआ है।
संगठन के पदाधिकारियों ने दिखाई एकजुटता
सीहोर की बैठक में जिलाध्यक्ष नरेश मेवाडा, जिला प्रभारी विकास वीरानी, विधायक सुदेश राय, नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति, सुशील ताम्रकार, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर सहित जिला एवं मंडल पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और पार्षद मौजूद रहे। वहीं गुड़भेला मंडल में जिला पूर्व महामंत्री सुहागमाल मेवाड़ा, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, मंडल अध्यक्ष नीरज परमार, मंडल प्रभारी, पदाधिकारी, सरपंच एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




















