Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

“अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, यही सेवा का संकल्प”- राव उदयप्रताप सिंह

प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को भाजपा जनभागीदारी से जोड़ेगी। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा, सुशासन, संवाद और विकसित भारत के संदेश वाले कार्यक्रम होंगे।
“अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, यही सेवा का संकल्प”- राव उदयप्रताप सिंह
सीहोर। सेवा-संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा मध्यप्रदेश

सीहोर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने को भाजपा अब केवल उपलब्धियों के स्मरण तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इसे बड़े जनसंपर्क और जनभागीदारी अभियान का रूप देने जा रही है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए भाजपा प्रदेशभर में सेवा, सुशासन, संवाद और जनभागीदारी की गतिविधियां आयोजित करेगी। सीहोर में आयोजित पत्रकार वार्ता में स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने अभियान की रूपरेखा बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की सेवा भावना से प्रेरणा लेकर विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प लिया जाएगा।

25 साल की राजनीतिक यात्रा को जनअभियान बनाने की तैयारी

भाजपा कार्यालय सीहोर में आयोजित पत्रकार वार्ता में राव उदयप्रताप सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है। भाजपा इस यात्रा को जनता के बीच ले जाकर विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को मुख्यमंत्री के रूप में सार्वजनिक नेतृत्व की शुरुआत से लेकर 26 मई 2014 से प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा तक की यात्रा लोकतांत्रिक इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है।

गरीब कल्याण की योजनाओं को उपलब्धियों के रूप में गिनाया

मंत्री ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से 4.5 करोड़ से अधिक परिवारों को आवास, स्वच्छता अभियान के तहत 12 करोड़ से अधिक शौचालय और करीब 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन जैसी योजनाओं ने गरीब और वंचित वर्ग के जीवन में बदलाव किया है। सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और आर्थिक विकास के क्षेत्र में भी सरकार के कार्यों को उन्होंने प्रधानमंत्री की सेवा भावना से जोड़ा।

कोविड काल को नेतृत्व की परीक्षा बताया

राव उदयप्रताप सिंह ने कोविड-19 महामारी का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन दौर में देशवासियों को 200 करोड़ से अधिक निःशुल्क वैक्सीन डोज उपलब्ध कराना भारत की सामर्थ्य का उदाहरण है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा लगातार मजबूत हुई है और देश विश्व पटल पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’, बूथों पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर ‘सेवा दिवस’ के रूप में होगी। इस दिन रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। शाम 7 बजे प्रदेश के सभी 71,930 बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। भाजपा के अनुसार प्रत्येक परिवार दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करेगा और विकसित भारत-2047 के संकल्प में भागीदारी करेगा।

भाजपा का दावा-अभियान पार्टी से आगे, जनता की भागीदारी पर जोर

मंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को केवल भाजपा का कार्यक्रम नहीं रहने दिया जाएगा, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत प्रत्येक नागरिक कम से कम 25 मिनट श्रमदान कर अभियान से जुड़ सकेगा। युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक वर्गों को भी अभियान से जोड़ने की योजना है।

स्कूलों से लेकर स्टार्टअप तक बनेगा अभियान का हिस्सा

17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सरकारी और निजी विद्यालयों में ‘विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। वहीं युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स और इनोवेटर्स को जोड़ने के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा। इसके जरिए युवाओं के नवाचार को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास होगा।

योजनाओं के लाभार्थियों की कहानी भी बनेगी अभियान का हथियार

भाजपा सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों के अनुभवों को भी अभियान में प्रमुखता दी जाएगी। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ और ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रमों के जरिए लाभार्थियों के जीवन में आए बदलावों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। प्रदेश के 11,404 शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई।

7 अक्टूबर को गांव-गांव पहुंचेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’

अभियान के दौरान 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। पदयात्रा, साइकिल रैली और बाइक रैली के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्य और विकास उपलब्धियों का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी है। यात्रा के दौरान विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प भी लिया जाएगा।

25 तरह की सेवा गतिविधियों से बूथ स्तर तक पहुंच

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। भाजपा का जोर सेवा को केवल मंचीय कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने पर रहेगा। इसके जरिए संगठनात्मक गतिविधियों को भी जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की रणनीति दिखाई दे रही है।

‘सेवा सेतु कैंप’ में हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का दावा

सभी विधानसभा क्षेत्रों में विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु कैंप’ लगाए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने में मदद दी जाएगी। मंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं की सफलता तभी मानी जाएगी, जब अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचे।

जनभागीदारी के साथ 2047 का राजनीतिक संदेश

सार्वजनिक स्थलों पर मानव रंगोली के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत के संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा। नागरिकों को नमो ऐप और सोशल मीडिया के माध्यम से गतिविधियों को साझा करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। इस तरह भाजपा मोदी की 25 साल की राजनीतिक यात्रा को सेवा, उपलब्धियों और विकसित भारत के बड़े नैरेटिव से जोड़कर आगामी वर्षों के लिए जनसमर्थन मजबूत करने की रणनीति पर आगे बढ़ती नजर आ रही है। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला प्रभारी विकास विरानी, आष्टा विधायक गोपाल इंजीनियर, निगम अध्यक्ष रवि मालवीय, जिला महामंत्री पंकज गुप्ता एवं जितेन्द्र गौड़ तथा जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts