Sehore news: तीन चोरों के साथ सीहोर का ज्वैलर गिरफ्तार, 7 लाख के जेवर और नकदी बरामद

सीहोर। इछावर थाना पुलिस ने नकबजनी के एक चर्चित मामले का पर्दाफाश करते हुए चोरी के पूरे नेटवर्क को उजागर कर दिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर चोरों के साथ चोरी के सोने के जेवर खरीदने वाले सीहोर के सराफा बाजार के एक ज्वैलर को भी गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी गए सोने के शत-प्रतिशत जेवरात और 15 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले की आगे की जांच जारी है।
16-17 जून की रात सूने मकान को बनाया था निशाना
पुलिस के अनुसार खेड़ीपुरा इछावर निवासी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 और 17 जून की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश उनके सूने मकान में घुस गए। चोर घर में रखे सोने के कीमती जेवर और नगदी चोरी कर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना इछावर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी रोशन कुमार जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पंकज वाडेकर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
चोरों की निशानदेही पर सीहोर के ज्वैलर तक पहुंची पुलिस
एसडीओपी रोशन कुमार जैन मैं जानकारी दी कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के सभी सोने के जेवर सीहोर के सराफा बाजार में एक ज्वैलर को बेच दिए थे। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सराफा बाजार निवासी माधोशरण सोनी (51) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी के सभी सोने के जेवर बरामद कर लिए गए। इस कार्रवाई से चोरी का माल खरीदने वाले नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है।
चारों आरोपी जेल भेजे, आगे की जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में पुलिस ने इस मामले में धीरज उर्फ धीरू वर्मा (23) निवासी खेड़ीपुरा इछावर, सूरज वर्मा (25) निवासी ग्राम खैरी थाना इछावर, धर्मेन्द्र उर्फ सेंटू वर्मा (33) निवासी खेड़ीपुरा इछावर तथा चोरी का माल खरीदने वाले माधोशरण सोनी (51) निवासी सराफा बाजार, सीहोर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
7 लाख का मशरूका बरामद, फरियादी को मिली राहत
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने के जेवर और 15 हजार रुपए नकद सहित करीब 7 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है। चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद होने से फरियादी को राहत मिली है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












