हरदा में 55 हजार की ब्राउन शुगर बरामद, 37 वर्षीय युवक गिरफ्तार

हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 5.45 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत 55 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जियो पेट्रोल पंप के पीछे मिला संदिग्ध
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोशनलाल भारती के अनुसार पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरदा के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के लिए टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और अवैध गतिविधियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मां रेवा गौशाला रोड स्थित अतरसमा के जियो पेट्रोल पंप के पीछे एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी में मिली 5.45 ग्राम ब्राउन शुगर
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए युवक की पहचान अनिल विश्वकर्मा (37), निवासी राम मंदिर के सामने, ग्राम अतरसमा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 5.45 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस आरोपी को कोतवाली थाने लेकर पहुंची, जहां उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
हरदा में बीज दुकानों पर कृषि विभाग की जांच, गुणवत्ता परीक्षण के लिए 42 नमूने लिए
पुलिस टीम की रही भूमिका
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक भगवानदास यादव, प्रधान आरक्षक हरिप्रसाद पटेल, तुसार धनगर, आरक्षक प्रदीप मालवीय और रामनरेश की भूमिका रही। कोतवाली पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन पर निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।




















