Sehore News :कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए आए श्रद्धालु पर हमला, नकदी और दस्तावेज लूटे

सीहोर। धार्मिक नगरी सीहोर में कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए पहुंचे एक श्रद्धालु के साथ हुई लूट और जानलेवा हमले की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुना जिले के कुंभराज निवासी श्रद्धालु पर रेलवे स्टेशन से बाहर निकलते ही बदमाशों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने डंडों से पैर पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और पर्स में रखे नकद रुपये तथा जरूरी दस्तावेज लूटकर फरार हो गए। घायल का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार गुना जिले के कुंभराज निवासी अनिल कुशवाहा कुबेरेश्वर धाम में दर्शन करने के उद्देश्य से सीहोर पहुंचे थे। रेलवे स्टेशन से बाहर निकलने के करीब दो मिनट बाद ही एक पुरानी नारंगी रंग की कार, जिसकी नंबर सीरीज एमपी-04 बताई जा रही है, उनके पास आकर रुकी। कार से उतरे कुछ लोगों ने बिना किसी विवाद या बातचीत के अचानक उन पर हमला कर दिया।
डंडों से पीटा, पैर में फ्रैक्चर
पीड़ित अनिल कुशवाहा ने बताया कि हमलावरों ने सीधे उनके पैर को निशाना बनाते हुए लगातार तीन डंडे मारे। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनका पैर गंभीर रूप से घायल हो गया और फ्रैक्चर हो गया। दर्द से कराहते हुए जब वे जमीन पर गिर पड़े तो बदमाशों ने उनका पर्स छीन लिया। हमलावर पर्स में रखे करीब चार हजार रुपये नकद, पहचान संबंधी दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण कागजात लेकर मौके से फरार हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी उसी कार में सवार होकर तेजी से भाग निकले। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया।
घटना के बाद घायल अवस्था में पड़े अनिल कुशवाहा ने किसी तरह 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर पैर पर पट्टी बांधी तथा आवश्यक जांच के बाद इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन पैर में गंभीर चोट होने के कारण आगे भी उपचार जारी रहेगा। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पीड़ित द्वारा बताए गए वाहन के नंबर और बदमाशों के हुलिए के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का दावा- जल्द आरोपी होंगे गिरफ्तार
कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटाई जा रही है और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपियों तक जल्द पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर उठे सवाल
कुबेरेश्वर धाम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में प्रदेश सहित अन्य राज्यों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन के पास हुई इस लूट और हमले की घटना ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन और प्रमुख मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाने तथा बाहरी श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।












