रेस्टोरेंट में हिस्ट्रीशीटर का आतंक!25 हजार की रंगदारी मांगी, तोड़फोड़ और मारपीट के बाद गिरफ्तार
सीहोर। आष्टा थाना क्षेत्र के ग्राम कोठरी स्थित एक रेस्टोरेंट में 25 हजार रुपए की अड़ीबाजी, मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में आष्टा पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर श्याम पटेल और उसके साथी संदीप वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त थार वाहन और एक धारदार चाकू भी बरामद किया है। मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास सहित 16 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले के चार अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
25 हजार रुपए नहीं देने पर किया हमला
पुलिस के अनुसार ग्राम कोठरी निवासी रेस्टोरेंट संचालक मुकेश वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि अमलाह निवासी श्याम पटेल अपने साथियों के साथ अक्सर उनके रेस्टोरेंट पर आता था और बिना पैसे दिए खाना खाकर चला जाता था। विरोध करने पर गाली-गलौज और धमकी देता था। 16 जुलाई की शाम आरोपी अपने पांच साथियों के साथ रेस्टोरेंट पहुंचा और 25 हजार रुपये की मांग करते हुए धमकी दी कि रुपये नहीं दिए तो दुकान नहीं चलने देगा।
मारपीट के बाद रेस्टोरेंट में की तोड़फोड़
फरियादी के विरोध करने पर आरोपियों ने मुकेश वर्मा और उनके पुत्र विनय वर्मा के साथ मारपीट की। इसके बाद डंडों से हमला कर रेस्टोरेंट में लगे दो एसी काउंटर और दो सामान्य काउंटर के कांच तोड़ दिए। वारदात के बाद आरोपी सफेद थार वाहन में बैठकर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम महोड़िया क्षेत्र से श्याम पटेल और संदीप वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त थार वाहन और एक धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसके बाद प्रकरण में संबंधित धाराएं भी बढ़ा दी गईं।
मुख्य आरोपी पर 16 गंभीर अपराध दर्ज
एसडीओपी दामोदर गुप्ता ने बताया कि श्याम पटेल अमलाह का सूचीबद्ध हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ आष्टा, मंडी और कोतवाली थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों सहित कुल 16 मामले दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई भी कलेक्टर न्यायालय में विचाराधीन है।
चार आरोपी अब भी फरार
मामले में शाहरुख निवासी गोकुलपुरा, कल्ली उर्फ रेहान निवासी गोकुलपुरा, मानव उर्फ कृष्णा परमार निवासी खारपा और हरिओम रघुवंशी निवासी लालाखेड़ी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। मामले की विवेचना जारी है।














