सीहोर: भुगतान में देरी और प्रशासनिक अड़चनों पर ठेकेदार लामबंद, शासकीय ठेकेदार जिला महासंघ का गठन

सीहोर। सर्वसम्मति से वरिष्ठ समाजसेवी और ठेकेदार रविन्द्र यादव को महासंघ का अध्यक्ष चुना गया। बैठक में ठेकेदारों की समस्याओं को सामूहिक रूप से उठाने और उनके समयबद्ध निराकरण के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया गया।
भुगतान में देरी और प्रशासनिक अड़चनें रहेंगी प्रमुख मुद्दे
बैठक में ठेकेदारों ने शासकीय निर्माण कार्यों के दौरान आने वाली विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इनमें भुगतान में देरी, प्रशासनिक प्रक्रियाओं में आने वाली अड़चनें, कार्यस्थलों पर सुरक्षा और नियमों से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। तय किया गया कि इन मुद्दों को संबंधित विभागों और अधिकारियों के समक्ष उचित तरीके से रखा जाएगा।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर में मेडिएशन जागरूकता शिविर, आपसी समझौते से विवादों के समाधान पर जोर
गुणवत्ता और समयसीमा पर भी रहेगा जोर
नवनियुक्त अध्यक्ष रविन्द्र यादव ने कहा कि महासंघ केवल ठेकेदारों की समस्याओं को उठाने तक सीमित नहीं रहेगा। शासकीय कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना भी संगठन की प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि ठेकेदार जिले के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए ठेकेदारों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
पारदर्शिता के साथ काम करने का संकल्प
रविन्द्र यादव ने कहा कि महासंघ पारदर्शिता के साथ कार्य करेगा और प्रत्येक ठेकेदार की जायज समस्या को गंभीरता से लिया जाएगा। संगठन का उद्देश्य जिलेभर के ठेकेदारों को एक मंच पर लाकर सामूहिक हित के मुद्दों पर प्रभावी तरीके से काम करना है। उन्होंने कहा कि जहां ठेकेदारों की जिम्मेदारी गुणवत्तापूर्ण निर्माण की है, वहीं विभागीय स्तर पर भुगतान और प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
सामाजिक सरोकारों में भी निभाएगा भूमिका
बैठक में महासंघ को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने पर भी सहमति बनी। ठेकेदारों के हितों की आवाज उठाने के साथ रक्तदान शिविर, आपदा राहत, गरीब और जरूरतमंदों की सहायता सहित अन्य सामाजिक कार्यों में भागीदारी करने का निर्णय लिया गया। आने वाले समय में इन गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
नई कार्यकारिणी में इन्हें मिली जिम्मेदारी
सर्वसम्मति से गठित कार्यकारिणी में रविन्द्र यादव अध्यक्ष, जेपी शर्मा कार्यकारी अध्यक्ष, उमेश अग्रवाल और तेज सिंह ठाकुर उपाध्यक्ष, भारत गुप्ता सचिव, रवि यादव सह सचिव, अजय जैन कोषाध्यक्ष, आभास कासट सह कोषाध्यक्ष, रजनीश यादव प्रवक्ता, भारत पुरोहित सह प्रवक्ता तथा अमजद खान कार्यकारी सचिव बनाए गए।
ये भी पढ़ें: जब मंच पर बोले युवा, हिंदी की ताकत और पत्रकारिता पर हुई चर्चा, हिंदी दिवस पर PIMS के छात्रों ने दिखाया हुनर
नियमित बैठकें और जरूरत पर ज्ञापन
महासंघ के सचिव भारत गुप्ता ने कहा कि संगठन की नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी और ठेकेदारों की समस्याओं पर लगातार चर्चा होगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निराकरण की मांग की जाएगी। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए ठेकेदारों ने महासंघ को मजबूत बनाने और सकारात्मक समन्वय के साथ आगे बढ़ने पर सहमति जताई।




















