इंदौर में ठगी का फिल्मी खेल! नोटों की गड्डियां दिखाकर जेवर ले उड़े ठग, रुमाल खोला तो निकले कागज-पत्थर

इंदौर। शहर में ठगी करने वाले बदमाश अब लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामला एमजी रोड थाना क्षेत्र का है, जहां दिनदहाड़े दो शातिर ठगों ने एक महिला को नोटों की गड्डियां दिखाकर भरोसे में लिया और उसके सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने महिला को इस तरह झांसे में लिया कि वह अपने कीमती आभूषण उनके हवाले कर बैठी। बदले में ठगों ने रुमाल में नोटों की गड्डी बताकर कुछ थमा दिया। जब महिला ने घर जाकर रुमाल खोला तो उसमें नोटों की जगह कागज और पत्थर देखकर उसके होश उड़ गए।
ये भी पढ़ें: अब बिना ऑनलाइन आए भी जाएगा WhatsApp मैसेज! आया Schedule Message फीचर, जानिए कैसे करेगा काम
जेवरों के बदले ज्यादा रकम मिलने का दिया लालच
एमजी रोड पुलिस के अनुसार, घटना सांवेर क्षेत्र के ग्राम जेदपुरा निवासी मीरा बाई जाटवा पति मांगीलाल जाटवा के साथ हुई। घटना दोपहर करीब 12 बजे किशनपुरा पुल के पास की है। महिला नंदलालपुरा फ्रूट मार्केट रोड से होते हुए किशनपुरा पुल की तरफ पहुंची थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।बातचीत के दौरान आरोपियों ने महिला के सोने-चांदी के जेवरों की कीमत से ज्यादा रकम मिलने का लालच दिया। विश्वास जीतने के लिए उन्होंने अपने पास रखी नोटों की गड्डियां भी महिला को दिखाईं। नोट देखकर महिला को लगा कि दोनों युवक जेवर खरीदने के लिए अच्छी रकम दे सकते हैं।
ये भी पढ़ें: ब्रिटेन जाने से रोके गए CJP नेता सौरव दास, केंद्र ने दिल्ली हाईकोर्ट में बताया- मुंबई पुलिस ने जारी किया था LOC
रुमाल में नोट बताकर थमाए कागज और पत्थर
ठगों की बातों में आकर महिला ने अपने कानों के सोने के टॉप्स और चांदी की अंगूठी उन्हें सौंप दी। इसके बदले आरोपियों ने एक रुमाल में नोटों की गड्डी होने का भरोसा दिलाते हुए उसे महिला के हाथ में थमा दिया। जेवर हासिल करते ही दोनों युवक तेजी से वहां से निकल गए।कुछ देर बाद जब महिला ने रुमाल खोलकर देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। रुमाल के भीतर नोटों की गड्डियों के बजाय कागज और पत्थर रखे हुए थे। ठगी का अहसास होते ही महिला ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी पुलिस को दी।
ये भी पढ़ें: MP में 3 दिसंबर को बैंककर्मियों की हड़ताल, 11 बड़े बैंकों के करीब 8 हजार कर्मचारी रहेंगे काम से दूर
सीसीटीवी में तलाशे जा रहे ठगों के चेहरे
घटना की शिकायत मिलने के बाद एमजी रोड पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस किशनपुरा पुल, नंदलालपुरा फ्रूट मार्केट रोड और राजवाड़ा मार्ग के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों के हुलिए और घटनास्थल से निकलने के रास्तों के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।




















