Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

13 लोगों से शुरू हुआ भोपाल का आलमी तब्लीगी इज्तिमा, अब 13 लाख से ज्यादा जमातियों की होती है शिरकत; तांगे-साइकिल से बड़े वाहनों तक का सफर

भोपाल का आलमी तब्लीगी इज्तिमा 1947 के आसपास महज 13 लोगों की शिरकत से शुरू हुआ था। ताजुल मसाजिद से ईंटखेड़ी तक पहुंचे इस आयोजन में आज 13 लाख से अधिक जमाती शामिल होते हैं।
13 लोगों से शुरू हुआ भोपाल का आलमी तब्लीगी इज्तिमा, अब 13 लाख से ज्यादा जमातियों की होती है शिरकत; तांगे-साइकिल से बड़े वाहनों तक का सफर
13 लोगों से शुरू हुआ भोपाल का आलमी तब्लीगी इज्तिमा

भोपाल। आलमी तब्लीगी इज्तिमा का इतिहास सिर्फ एक धार्मिक आयोजन के विस्तार की कहानी नहीं है बल्कि यह शहर की मेहमाननवाजी, सेवा और बदलते वक्त के साथ बढ़ते इंतजामों की भी दास्तां है। कभी ताजुल मसाजिद से जुड़े इस आयोजन में बाहर से आने वाले जमातियों को तांगे और साइकिल से पहुंचाया जाता था। उनके खाने-पीने और ठहरने की व्यवस्था के लिए शहर के लोग खुद आगे आते थे। आज वही आयोजन ईंटखेड़ी के विशाल मैदान में होता है, जहां देशभर से आने वाले लाखों जमातियों के लिए परिवहन, भोजन, पानी, ठहरने और यातायात के व्यापक इंतजाम किए जाते हैं। शहर के पुराने खिदमतगुजार बताते हैं कि शुरुआती दौर में बाहर से आने वाली जमातों का रेलवे स्टेशन पर इस्तकबाल किया जाता था। उनके लिए चाय, नाश्ता, भोजन और पानी की व्यवस्था से लेकर इज्तिमागाह तक पहुंचाने की जिम्मेदारी स्थानीय लोगों की होती थी। उस समय संसाधन सीमित थे, लेकिन खिदमत का जज्बा इतना मजबूत था कि लोग खुद मेहनत करके हर इंतजाम पूरा करते थे।

13 लोगों से शुरुआत, अब 13 लाख से ज्यादा की शिरकत

भोपाल में आलमी तब्लीगी इज्तिमा की शुरुआत वर्ष 1947 के आसपास मानी जाती है। उस समय ताजुल मसाजिद का निर्माण कार्य जारी था। पहली बार यह आयोजन भोपाल मरकज की मस्जिद शकूर खां में हुआ था, जिसमें महज 13 लोगों ने शिरकत की थी। अगले साल इज्तिमा को ताजुल मसाजिद में आयोजित किया जाने लगा। धीरे-धीरे इसमें शामिल होने वाले जमातियों की संख्या बढ़ती गई। आयोजन का दायरा इतना बढ़ा कि शहर की यातायात व्यवस्था और उपलब्ध जगह को देखते हुए वर्ष 2003 में इसे ईंटखेड़ी के घासीपुरा क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया। आज यहां होने वाले आयोजन में 13 लाख से अधिक लोगों की शिरकत का आंकड़ा पार हो चुका है।

तांगे और साइकिल से कतारबद्ध वाहनों तक का सफर

इज्तिमा के शुरुआती दौर में बाहर से आने वाले जमातियों को तांगे और साइकिलों के जरिए ताजुल मसाजिद तक पहुंचाया जाता था। शहर के लोग टोली बनाकर उनकी सेवा में जुटते थे। रेलवे स्टेशन पर आने वाली जमातों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए जाते थे। पुराने खिदमतगुजार बताते हैं कि उस दौर में जमातियों को उनके ठिकाने तक पहुंचाने और चाय-पानी की व्यवस्था करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। रेलवे स्टेशन से लेकर इज्तिमागाह तक बड़े वाहनों की कतारें लगती हैं। खाने-पीने के इंतजाम दिनभर चलते रहते हैं। हजारों लोग अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालते हैं, जिससे लाखों लोगों की आवाजाही और जरूरतों का प्रबंधन किया जा सके।

अब दूसरे राज्यों से भी पहुंच रहे वालेंटियर्स

ईंटखेड़ी में आयोजित होने वाले इज्तिमा को व्यवस्थित बनाने में सरकारी एजेंसियों के साथ बड़ी संख्या में वालेंटियर्स भी योगदान देते हैं। पहले इस काम में मुख्य रूप से भोपाल के युवा और बुजुर्ग श्रमदान करते थे। अब दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में युवा सेवा के लिए पहुंच रहे हैं। इस बार भी कोलकाता सहित कई राज्यों के वालेंटियर्स आयोजन स्थल पर अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालने में जुटे हैं। भोजन, पानी, सफाई, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं में इनकी भूमिका अहम रहती है।

Featured News

कव्वाली की महफिलों से जमातों की खिदमत तक पहुंचे शेख शम्मू

इज्तिमा से जुड़ी कई कहानियां ऐसी भी हैं, जो लोगों की जिंदगी में आए बदलाव को सामने लाती हैं। ऐसी ही एक कहानी शेख शम्मू की है, जो वर्षों से रेलवे स्टेशन पर आने वाली जमातों की खिदमत करते आ रहे हैं। बताया जाता है कि एक दौर में शेख शम्मू मशहूर कव्वाला शकीला बानो भोपाली की महफिलों में अहम भूमिका निभाते थे। बॉटल के ऊपर खड़े होकर डांस करने की कला और छोटे-बड़े कलाकारों की आवाज की नकल करने की काबिलियत ने उन्हें अलग पहचान दिलाई थी। उन्होंने अमेरिका, लंदन और कनाडा समेत कई देशों में कार्यक्रम भी किए। हालांकि शोहरत और दुनियावी कामयाबी के बीच एक समय ऐसा आया, जब उनका मन इन महफिलों से उचाट हो गया। इसके बाद उन्होंने सबकुछ छोड़कर जमातों की सेवा से नाता जोड़ लिया। इस बदलाव के पीछे सैयद अब्दुल आबिद का मार्गदर्शन अहम बताया जाता है, जिन्हें शेख शम्मू 'मियां जान' कहकर पुकारते हैं। उन्होंने शम्मू को दीन की राह पर चलने और जिंदगी के दूसरे मायने समझने की प्रेरणा दी।

भोपाल इज्तिमा 2026 की तैयारियां तेज, DIG और SP ने ईंटखेड़ी पहुंचकर लिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा

चार दिन शहर की ट्रैफिक व्यवस्था संभालते हैं युवा

आलमी तब्लीगी इज्तिमा के चार दिनों में भोपाल के प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी बड़ी संख्या में स्थानीय युवा संभालते हैं। यातायात पुलिस के मार्गदर्शन और सहयोग से ये युवा वाहनों की आवाजाही, पार्किंग और रास्तों को व्यवस्थित रखने में मदद करते हैं।

Amit Sen
By Amit Sen

Latest Posts