भारत में तेजी से बढ़ रहा चीतों का कुनबा, 62 हुई संख्या, MP के कूनों भी आए 9 नए मेहमान

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क से चीतों को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। यहां दो मादा चीतों ने 9 शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो गई है। सरकार ने इसे चीता संरक्षण अभियान के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है। खास बात यह है कि इन नए शावकों में पांच का जन्म भारत में पली-बढ़ी मादा चीता ने किया है, जबकि चार शावकों को बोत्सवाना से लाई गई मादा ने जन्म दिया है। इस सफलता से भारत में चीतों की आबादी बढ़ाने की उम्मीद और मजबूत हुई है।
कूनो नेशनल पार्क में दो मादा चीतों ने दिया शावकों को जन्म
सरकार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, पहली बार 5 अक्टूबर 2026 को KJP21 नाम की मादा चीता ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। यह मादा चीता भारत में ही पैदा हुई थी और उस समय इसकी उम्र 32 महीने थी। KJP21 भारत में जन्म लेने वाली तीसरी ऐसी मादा चीता बन गई है, जिसने यहां शावकों को जन्म दिया है। इससे पहले मुखी और KGP12 भी मां बन चुकी हैं। इन पांच शावकों का पिता बोत्सवाना से भारत लाया गया नर चीता है। इस तरह इन शावकों के जन्म से भारत में चीतों की आबादी में बोत्सवाना की नस्ल भी शामिल हुई है।
बोत्सवाना से आई मादा चीता ने पहली बार दिया जन्म
चीतों की संख्या बढ़ने की दूसरी अच्छी खबर 20 नवंबर 2026 को सामने आई। इस दिन KOMG 3 नाम की मादा चीता ने चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। यह मादा चीता 30 महीने की है और इसे बोत्सवाना से भारत लाया गया था। खास बात यह है कि बोत्सवाना से भारत लाई गई किसी मादा चीता ने पहली बार यहां शावकों को जन्म दिया है। उसने सुरक्षित बाड़े के बजाय खुले जंगल में बच्चों को जन्म दिया। इससे पहले यह मादा चीता चार महीने से ज्यादा समय तक जंगल में रह चुकी थी। साल 2022 में भारत में चीता पुनर्वास कार्यक्रम शुरू होने के बाद यह दूसरा मौका है, जब किसी चीता ने खुले जंगल में शावकों को जन्म दिया है। इससे पहले चीतों के शावकों का जन्म सुरक्षित और बाड़ों से घिरे बड़े क्षेत्रों में हुआ था। इन जगहों पर चीतों को जंगल में छोड़ने से पहले रहने का अभ्यास कराया जाता है।
भारत में जन्मे चीतों का प्रजनन क्यों है खास?
भारत में चीतों को फिर से बसाने के लिए सरकार ने एक राष्ट्रीय कार्ययोजना तैयार की है। इस योजना में भारत में जन्मी पहली पीढ़ी के चीतों का प्रजनन करना एक बड़ा लक्ष्य है। इसे F1 पीढ़ी कहा जाता है। KJP21 का मां बनना इस लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम है। इसके अलावा खुले जंगल में चीतों का प्रजनन होना भी इस अभियान की सफलता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे पता चलता है कि चीते भारत के जंगलों में रहने और अपनी आबादी बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। सरकार के मुताबिक, यह सफलता सिर्फ भारत के लिए ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में चीतों की संख्या बढ़ाने के प्रयासों के लिए भी महत्वपूर्ण है। अफ्रीकी देशों में चीतों की आबादी अलग-अलग इलाकों में बंटी हुई है। ऐसे में भारत चीतों को प्रजनन के लिए एक नया स्थान दे रहा है।
ये भी पढ़ें: कूनो नेशनल पार्क में फिर गूंजी किलकारियां, बोत्सवाना से आई मादा चीता KOMG3 ने 4 शावकों को दिया जन्म
भारत में जन्मे 43 चीते, कुल आबादी का करीब 70 फीसदी हिस्सा
नवंबर में चार नए शावकों के जन्म के बाद भारत में चीतों की कुल संख्या 62 हो गई है। इनमें 43 चीते ऐसे हैं, जिनका जन्म भारत में ही हुआ है। यानी देश में मौजूद कुल चीतों में करीब 70 फीसदी भारत में जन्मे हैं। दोनों मादा चीतों ने मिलकर कुल 9 शावकों को जन्म दिया है। इससे देश में चीतों की आबादी बढ़ाने के अभियान को नई मजबूती मिली है। सरकार ने इन जन्मों को एक उत्साहजनक उपलब्धि बताया है।
शावकों का सुरक्षित रहना भी बड़ी चुनौती
चीतों के जन्म से देश में इनकी संख्या जरूर बढ़ी है, लेकिन अब इन शावकों का सुरक्षित रहना भी बेहद जरूरी है। आने वाले समय में उनका स्वस्थ रहना और बड़े होकर प्रजनन करना इस अभियान की सफलता को तय करने में अहम भूमिका निभाएगा। कूनो नेशनल पार्क में लगातार हो रहे चीतों के जन्म से उम्मीद बढ़ी है कि भारत में इनकी आबादी धीरे-धीरे मजबूत होगी। सरकार का मानना है कि इस तरह की सफलताएं देश में चीता संरक्षण के लंबे समय के लक्ष्य को पूरा करने में मदद करेंगी।




















