उज्जैन बनेगा चारों शंकराचार्यों का स्थायी केंद्र! CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, द्वारका पीठ के बाद अन्य मठों के लिए भी तैयारी

महाकाल की नगरी उज्जैन को देश के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इच्छा जताई है कि उज्जैन में देश के चारों शंकराचार्यों के स्थायी आवास, आश्रम या मठ स्थापित किए जाएं। मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रृंगेरी शारदा पीठ के शंकराचार्य का उज्जैन में स्थायी स्थान बन चुका है, जबकि द्वारका पीठ के शंकराचार्य के आवास निर्माण को भी मंजूरी दी जा चुकी है और काम जारी है।
दरअसल, गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन के डेंडिया स्थित नवनिर्मित श्रृंगेरी शंकर मठ में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा एवं कुंभाभिषेक महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने श्रृंगेरी शारदा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती महाराज का स्वागत और अभिनंदन किया। साथ ही उनका आशीर्वाद भी लिया।
उज्जैन में सभी शंकराचार्यों के स्थायी आवास बनाने की तैयारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उज्जैन और मध्यप्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है कि श्रृंगेरी शारदा पीठ के शंकराचार्य ने यहां अपना स्थायी स्थान बनाया है। अब अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान जब भी उन्हें समय मिलेगा, वे उज्जैन आकर यहां ठहर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि श्रृंगेरी मठ सहित देश के चारों शंकराचार्यों के स्थायी आवास उज्जैन में स्थापित हों। इस दिशा में श्रृंगेरी मठ पहला कदम है। वहीं, द्वारका पीठ के शंकराचार्य के आवास निर्माण को भी स्वीकृति मिल चुकी है।
आदि शंकराचार्य से जुड़ी आध्यात्मिक परंपरा का किया जिक्र
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन के आध्यात्मिक इतिहास का उल्लेख करते हुए आदि शंकराचार्य और कापालिकों से जुड़े प्रसंग को याद किया। उन्होंने कहा कि महाकाल की नगरी में आदि शंकराचार्य ने कापालिकों के साथ शास्त्रार्थ कर सनातन धर्म की ध्वजा लहराई थी। आज उसी परंपरा में शंकराचार्य का स्थायी स्थान बनना एक नया शुभ अवसर है।
सिंहस्थ से पहले और बाद में बढ़ेंगी सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन केवल यहां रहने वाले लोगों की नगरी नहीं, बल्कि विश्व धरोहर है। यहां देश के प्रमुख आध्यात्मिक गुरुओं की मौजूदगी से धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। सरकार का प्रयास है कि सिंहस्थ कुंभ मेले से पहले और उसके बाद भी शहर में सुविधाओं का विस्तार किया जाए।




















