Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर : अमलाहा टोल प्लाजा पर स्टाफ और वाहन मालिकों के बीच झड़प, डंडे-फावड़े चले, दो घायल

Follow on Google News
सीहोर : अमलाहा टोल प्लाजा पर स्टाफ और वाहन मालिकों के बीच झड़प, डंडे-फावड़े चले, दो घायल

सीहोर मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में सोमवार शाम अमलाहा टोल प्लाजा पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वाहन मालिकों और टोल कर्मचारियों के बीच विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। झड़प के दौरान डंडे और फावड़े चलने लगे। घटना में दो लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे भोपाल रेफर किया गया है। टोल बूथ के अंदर भी तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने इस मामले में आष्टा, हकीमाबाद और सीहोर के 10 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मुफ्त में गाड़ी निकालने पर भड़का विवाद

पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार शाम 4.40 बजे की है। सब इंस्पेक्टर अविनाश भोपले ने बताया कि कुछ वाहन मालिकों ने टोल नाके से अपनी गाड़ियां बिना शुल्क चुकाए निकालने की मांग की। इस पर टोल कर्मचारियों ने आपत्ति जताई। पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। देखते ही देखते करीब 20 से ज्यादा लोगों ने डंडों और फावड़ों से टोल कर्मचारियों पर हमला कर दिया।

टोल ऑफिस में घुसकर की तोड़फोड़

हिंसा इस कदर बढ़ गई कि हमलावर टोल ऑफिस के अंदर घुस आए और जमकर तोड़फोड़ की। उस समय एक टोल कर्मचारी अपने छोटे बच्चे के साथ ड्यूटी पर था। मारपीट और अफरा-तफरी देख बच्चा डर गया और जोर-जोर से रोने लगा। इस दृश्य ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों को झकझोर दिया।

बाउंसरों ने की मारपीट

झड़प में घायल लोगों ने टोल मैनेजमेंट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि टोल पर तय दर से अधिक राशि वसूली जा रही थी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो टोल प्रबंधन के बाउंसरों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। घायलों का दावा है कि टोल प्लाजा पर एक दर्जन से ज्यादा बाउंसर तैनात हैं, जो आए दिन यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। घायल पक्ष का आरोप है कि टोल मैनेजमेंट ने मारपीट की घटना के दौरान बाउंसरों द्वारा की गई कार्रवाई के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को नहीं सौंपे हैं।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। अब तक 10 से अधिक लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Vaishnavi Mavar
By Vaishnavi Mavar

Latest Posts