SBI Q4 FY26:मुनाफा ₹19,684 करोड़ पहुंचा, निवेशकों को ₹17.35 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जनवरी-मार्च तिमाही (Q4FY26) में बैंक का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट बढ़कर ₹19,684 करोड़ पहुंच गया। यह पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 5.58% ज्यादा है। एक साल पहले यानी Q4FY25 में SBI को ₹18,642 करोड़ का मुनाफा हुआ था। बेहतर ब्याज आय और एसेट क्वालिटी में सुधार की वजह से बैंक का लाभ बढ़ा है।
टोटल इनकम में हल्की गिरावट
मार्च तिमाही के दौरान SBI की कुल आय 1.40 लाख करोड़ रुपए रही। पिछले साल इसी अवधि में बैंक की टोटल इनकम 1.44 लाख करोड़ रुपए थी। इस तरह सालाना आधार पर बैंक की आय में करीब 2.7% की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि बैंक की ब्याज से होने वाली कमाई में बढ़ोतरी देखने को मिली। चौथी तिमाही में SBI की इंटरेस्ट अर्निंग 1.23 लाख करोड़ रुपए रही जो पिछले साल की समान तिमाही के 1.19 लाख करोड़ रुपए से 3.36% ज्यादा है।
NPA में सुधार, घटा खराब कर्ज
चौथी तिमाही के दौरान बैंक की एसेट क्वालिटी में भी सुधार देखने को मिला। SBI का स्टैंडअलोन नेट NPA यानी नॉन-परफॉर्मिंग एसेट घटकर ₹18,830 करोड़ रह गया। पिछले साल इसी अवधि में बैंक का नेट NPA ₹19,666 करोड़ था। यानी सालाना आधार पर खराब कर्ज में करीब 4.25% की कमी आई है। इसे बैंक के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
निवेशकों को मिलेगा ₹17.35 प्रति शेयर डिविडेंड
तिमाही नतीजों के साथ SBI ने अपने शेयरधारकों के लिए ₹17.35 प्रति शेयर डिविडेंड देने का भी ऐलान किया है। बैंक ने डिविडेंड के लिए 16 मई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है, जबकि निवेशकों को इसका भुगतान 4 जून 2026 को किया जाएगा। कंपनियां अपने मुनाफे का एक हिस्सा निवेशकों के साथ साझा करती हैं जिसे डिविडेंड कहा जाता है।
ये भी पढ़ें: RBI ने ब्रिटेन से वापस मंगाया 150 टन से ज्यादा सोना, फिर भी विदेशों में पड़ा है बड़ा गोल्ड रिजर्व
लंबी अवधि में मिला शानदार रिटर्न
शुक्रवार को SBI का शेयर 6.74% गिरकर ₹1,018.40 पर बंद हुआ। हालांकि लंबी अवधि में बैंक के शेयर ने निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया है। पिछले एक महीने में शेयर करीब 4% चढ़ा है जबकि एक साल में इसमें लगभग 32% की तेजी आई है। वहीं बीते छह महीनों में शेयर 7% से ज्यादा मजबूत हुआ है। फिलहाल SBI का मार्केट कैप करीब ₹9.41 लाख करोड़ है।
देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक है SBI
SBI देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक है। बैंक में केंद्र सरकार की करीब 55.5% हिस्सेदारी है। इसकी स्थापना 1 जुलाई 1955 को हुई थी और मुख्यालय मुंबई में स्थित है। SBI की देशभर में 22,500 से ज्यादा शाखाएं हैं और इसके 50 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हैं। बैंक दुनिया के 29 देशों में अपनी सेवाएं दे रहा है और भारत के बाहर इसकी 241 शाखाएं मौजूद हैं।












