सतना में सराफा कारोबारी के सूने घर से डेढ़ करोड़ के जेवर चोरी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सतना। जिले के सभापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसिंहपुर कस्बे में चोरों ने एक सराफा व्यापारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। वारदात को इतने शातिराना तरीके से अंजाम दिया गया कि घर में कोई तोड़फोड़ नहीं हुई और केवल उन्हीं जगहों को खोला गया जहां जेवर रखे थे। घटना के समय व्यापारी परिवार सहित जबलपुर गया हुआ था।
पीड़ित सराफा कारोबारी दीपू सोनी की नीचे ज्वेलरी की दुकान है और ऊपर रिहायशी मकान। दीपू सोनी 4 नवंबर को पत्नी के साथ निजी कार्य से जबलपुर गए थे। 5 नवंबर की शाम करीब 7 बजे जब वे लौटे, तो ऊपर जाने वाले बाहरी कमरे का दरवाजा नहीं खुला। उन्हें लगा कि दरवाजा जाम हो गया है, लिहाजा वे नीचे दुकान साफ कर बगल के कमरे में सो गए।
पड़ोसी की छत से अंदर आया कर्मचारी
शुक्रवार सुबह जब कर्मचारी के साथ दरवाजा खोलने की कोशिश की गई, तब भी सफलता नहीं मिली। इसके बाद पड़ोसी की छत से देखने पर पीछे का दरवाजा आधा खुला दिखा। कर्मचारी छत के रास्ते भीतर दाखिल हुआ, जहां मुख्य कमरा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोलने पर पता चला कि दीवान और अलमारी से सारे जेवर गायब हैं, जबकि बाकी सारा सामान व्यवस्थित रखा हुआ था।
किसी करीबी के शामिल होने की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे और सभापुर थाना प्रभारी शंखधर द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिलने से पुलिस भी हैरान है और मामले में किसी करीबी या जानकार के शामिल होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर चोरों के आने-जाने के रास्तों की पड़ताल कर रही है।
चोरी के केस में नाम आने के बाद युवक से मारपीट, डंडे से हमला कर तोड़ा पैर
तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं
व्यापारी के घर से भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की शिकायत मिली है। तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाकर मामले का खुलासा किया जाएगा।
- शंखधर द्विवेदी, थाना प्रभारी, सभापुर






















