Nvidia CEO जेन्सेन हुआंग पर कर्मचारियों को अपमानित करने और धमकाने के आरोप, मैनेजमेंट स्टाइल पर सवाल

न्यूयॉर्क। Nvidia को दुनिया की सबसे मूल्यवान टेक्नोलॉजी कंपनियों में शामिल करने में उसके सह-संस्थापक जेन्सेन हुआंग की अहम भूमिका रही है। कंपनी की इस सफलता के साथ हुआंग भी वैश्विक स्तर पर चर्चा का प्रमुख चेहरा बन गए हैं। हालांकि, अब उनका निजी जीवन और कंपनी में काम करने का तरीका विवादों के घेरे में है। एक ओर उनके विवाहेतर संबंधों को लेकर चर्चा होती रही है, तो दूसरी ओर उनके नेतृत्व और कर्मचारियों के साथ व्यवहार पर भी सवाल उठ रहे हैं।
यह भी पढें: जेन्सेन हुआंग विवाद पर ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- चीन की खूबसूरत महिलाओं को जासूस मान लेते हैं लोग
Nvidia की सफलता के बीच नेतृत्व शैली पर उठे सवाल
Nvidia की वैश्विक सफलता ने जेन्सेन हुआंग को टेक्नोलॉजी उद्योग के सबसे चर्चित कारोबारियों में शामिल कर दिया है। लेकिन न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में सामने आए आरोपों ने उनके नेतृत्व के तरीके और कंपनी के कार्यस्थल के माहौल को लेकर नई बहस छेड़ दी है। रिपोर्ट में मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों के अनुभवों, अदालती रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर उनके व्यवहार से जुड़े कई गंभीर दावे सामने रखे गए हैं।
Nvidia के पूर्व HR प्रमुख ने भी उठाए थे कामकाज के माहौल पर सवाल
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में Nvidia के मानव संसाधन विभाग (HR) के पूर्व सीनियर वाइस प्रेसिडेंट माइकल विंस्टन की चिंताओं का भी उल्लेख किया गया है। विंस्टन सितंबर 2004 में Nvidia से जुड़े थे। कंपनी में पद संभालने के कुछ ही समय बाद उन्हें वहां के कार्यस्थल के माहौल और नेतृत्व के तरीके को लेकर चिंता होने लगी थी। अक्टूबर 2004 में हुई एक बैठक के दौरान, जिसमें करीब 50 कर्मचारी मौजूद थे, हुआंग ने कर्मचारियों के खिलाफ हिंसक भाषा का इस्तेमाल किया था। इस घटना के बाद विंस्टन ने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने अपनी आपत्तियां रखीं। उन्होंने चेतावनी दी थी कि कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार भविष्य में कंपनी के लिए कानूनी मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
रिपोर्ट में कर्मचारियों को धमकाने के आरोप
'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की हालिया रिपोर्ट में जेनसेन हुआंग के व्यवहार को लेकर कई गंभीर आरोप सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने अलग-अलग मौकों पर कर्मचारियों को सहकर्मियों के सामने अपमानित किया, उन पर व्यक्तिगत टिप्पणियां कीं और उन्हें धमकाया।रिपोर्ट में बताया गया है कि हुआंग का मानना था कि Nvidia की बढ़ती वैल्यू के साथ कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है। ऐसे में केवल वित्तीय लाभ देकर उनसे बेहतर प्रदर्शन कराना पर्याप्त नहीं रह गया था। उन्होंने अपने अधीन काम करने वाले अधिकारियों से कहा था कि कर्मचारियों से अधिक मेहनत करवाने का एकमात्र तरीका उन्हें अपमानित करना है।
एक दर्जन से ज्यादा कर्मचारियों ने बताया व्यवहार
न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट तैयार करने के लिए Nvidia के एक दर्जन से अधिक मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों से बातचीत की। इसके अलावा, अखबार ने अदालत से जुड़े रिकॉर्ड और सैकड़ों पन्नों के अन्य दस्तावेजों की भी समीक्षा की। रिपोर्ट में शामिल एक गवाह के मुताबिक, हुआंग ने एक वरिष्ठ अधिकारी से यहां तक कह दिया था कि उसकी मां को उसे जन्म देने के बजाय गर्भपात करा लेना चाहिए था। एक अन्य मामले में उन्होंने कथित तौर पर एक कर्मचारी के हाथ उखाड़ने और उन्हीं हाथों से उसे पीटकर मार डालने की धमकी दी थी। इसके अलावा, एक कर्मचारी को लेकर उन्होंने कहा था कि वे उसका सिर फाड़ देंगे।
कर्मचारियों को सबके सामने अपमानित करने का आरोप
रिपोर्ट में ऐसी कई घटनाओं का उल्लेख किया गया है, जिनमें हुआंग ने कर्मचारियों को दूसरे सहकर्मियों के सामने शर्मिंदा किया। उनकी टिप्पणियों में व्यक्तिगत अपमान से लेकर हिंसक धमकियों तक का जिक्र है। कुछ पूर्व कर्मचारियों का कहना है कि हुआंग सार्वजनिक रूप से आलोचना करने और कर्मचारियों को नीचा दिखाने से परहेज नहीं करते थे। हालांकि, बताया जाता है कि हुआंग अपने इस व्यवहार को कर्मचारियों के प्रदर्शन में सुधार लाने का तरीका मानते थे। उनका तर्क था कि वह लोगों को बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करना चाहते हैं। एक मौके पर उन्होंने कहा था, "मैं आपको महान बनाने के लिए भले ही प्रताड़ित कर दूं, लेकिन ऐसा इसलिए है क्योंकि मुझे आप पर भरोसा है।" पूर्व कर्मचारियों के अनुसार, हुआंग को लगता था कि कड़ी सार्वजनिक आलोचना और अपमान से कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और अंततः कंपनी को इसका लाभ मिलेगा।




















