Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर: बुधनी केे ट्रिपल मर्डर का खुलासा; दो लाख की उधारी के लिए तीन कत्ल, कर्जदार ने साथी के साथ मिलकर पूरे परिवार का सफाया किया

बुधनी के सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने 36 घंटे में खुलासा किया। दो लाख रुपए की उधारी और ब्याज के विवाद में दो आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर परिवार के तीन सदस्यों की हत्या की थी।
सीहोर: बुधनी केे ट्रिपल मर्डर का खुलासा;  दो लाख की उधारी के लिए तीन कत्ल, कर्जदार ने साथी के साथ मिलकर पूरे परिवार का सफाया किया
सीहोर। बुदनी के तिहरे हत्याकांड के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

सीहोर। बुधनी के कोरी मोहल्ले में पति-पत्नी और उनके जवान बेटे की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात के पीछे करीब दो लाख रुपए की उधारी और उस पर लगातार बढ़ता ब्याज सामने आया है। कर्ज चुकाने से बचने के लिए आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर पूरे परिवार को खत्म करने की खौफनाक साजिश रची। दोनों आरोपी रात में घर पहुंचे, बातचीत के बहाने दरवाजा खुलवाया और फिर कुल्हाड़ी से तीनों के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए मृतक का मोबाइल टॉयलेट में डालकर पानी बहा दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

घर के अंदर खून से लथपथ मिले तीन शव

बुधनी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 स्थित कोरी मोहल्ले में 18 नवंबर की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पड़ोसी के घर से बकरियों के चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। सुबह करीब 7:55 बजे हेमराज मेहरा अपने घर के बाहर मंजन कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली नेहा कुशवाह ने उसे राकेश मीणा के घर के भीतर जाकर देखने के लिए कहा। हेमराज ने जैसे ही घर के अंदर प्रवेश किया, गैलरी में फैला खून देखकर उसके होश उड़ गए। अंदर पहुंचने पर राकेश मीणा, उनकी पत्नी राधा और बेटे अश्विन के शव पड़े मिले। तीनों के सिर पर किसी भारी वस्तु से गंभीर वार किए गए थे। हेमराज ने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।

उधारी के दो लाख रुपए बने पूरे परिवार की मौत की वजह

पुलिस की जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी जगदीश ने मृतक राकेश से करीब दो लाख रुपए उधार लिए थे। इस रकम पर ब्याज भी देना था। इसके अलावा उधारी की राशि चुकता होने तक जगदीश की फसल में से हिस्सा लेने की बात भी तय हुई थी। लगातार बढ़ते आर्थिक दबाव और उधारी चुकाने से बचने की नीयत ने आरोपी को इस हद तक पहुंचा दिया कि उसने लेनदेन का विवाद खत्म करने के लिए राकेश के साथ उसके पूरे परिवार को ही रास्ते से हटाने की योजना बना डाली। इस साजिश में उसने अपने साथी अनिल को भी शामिल कर लिया और उसे पैसों का लालच दिया।

Breaking News

रात में घर पहुंचे, दरवाजा खुलवाया और बरपा दिया मौत का कहर

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने 16 नवंबर की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया। वे अपने साथ कुल्हाड़ी लेकर राकेश के घर पहुंचे और बातचीत करने के बहाने दरवाजा खुलवाया। इसके बाद मौका पाकर तीनों पर कुल्हाड़ी से सिर में घातक वार किए। अचानक हुए हमले में किसी को संभलने या बचाव करने का मौका तक नहीं मिला। पति-पत्नी और जवान बेटे की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस जघन्य वारदात ने पूरे बुधनी क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।

मोबाइल टॉयलेट में डालकर मिटाने की कोशिश की साजिश के निशान

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने बताया कि हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने और महत्वपूर्ण साक्ष्य नष्ट करने की कोशिश भी की। इसके लिए मृतक का मोबाइल फोन टॉयलेट में डालकर पानी बहा दिया गया। हालांकि, आरोपियों की यह चाल पुलिस की जांच के सामने टिक नहीं सकी। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जानकारी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने वारदात की कड़ियां जोड़ते हुए संदिग्धों तक पहुंच बनाई।

ये भी पढ़ें: सीहोर: बुधनी में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या, पति-पत्नी और बेटे के मिले शव

फॉरेंसिक और तकनीकी जांच से खुला ब्लाइंड मर्डर

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में विशेष टीमें गठित की गईं। करीब 30 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की टीमों ने जांच में जुटकर अलग-अलग पहलुओं पर काम किया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक विशेषज्ञ, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तेजी से पतारसी करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी, कुल्हाड़ी भी जब्त

पुलिस ने मामले में जगदीश पिता अकलसिंह भिलाला, उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी ग्राम यारनगर और अनिल पिता अमनसिंह भिलाला, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी ग्राम खांडाबड़, थाना बुधनी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी जब्त की गई है। थाना बुधनी में अपराध क्रमांक 506/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

ये भी पढ़ें: एयर होस्टेस वर्षा हत्याकांड की मास्टरमाइंड निकली दोस्त की पत्नी; 13 लाख की सुपारी, GPS से मिली लोकेशन और जंगल में कत्ल

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts