Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मध्यप्रदेश में कोविड योद्धाओं ने तेज किया आंदोलन, नौकरी पर बहाली की मांग को लेकर भोपाल में प्रदर्शन; अब जिलों में भी करेंगे आंदोलन

मध्यप्रदेश में कोरोना काल के अस्थायी स्वास्थ्य कर्मचारियों ने नौकरी पर बहाली की मांग तेज कर दी है। भोपाल के नीलम पार्क में प्रदर्शन के बाद अब जिला स्तर पर आंदोलन की तैयारी है।
मध्यप्रदेश में कोविड योद्धाओं ने तेज किया आंदोलन, नौकरी पर बहाली की मांग को लेकर भोपाल में प्रदर्शन; अब जिलों में भी करेंगे आंदोलन
मध्यप्रदेश में कोविड योद्धाओं ने तेज किया आंदोलन

भोपाल। कोरोना महामारी के दौरान मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले अस्थायी कर्मचारियों ने नौकरी पर दोबारा बहाली की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। बुधवार को प्रदेशभर से सैकड़ों आयुष चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल कर्मचारी राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में एकत्रित हुए और प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार से नौकरी पर वापस रखने और रोजगार सुरक्षा के लिए ठोस नीति बनाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि अब आंदोलन को जिला स्तर तक ले जाया जाएगा।

5 अक्टूबर से आंदोलन कर रहे कोविड योद्धा

प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने बताया कि वे 5 अक्टूबर से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला, अपर मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की है। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के सामने कोरोना महामारी के दौरान सेवाएं देने वाले अस्थायी कर्मचारियों की बहाली और भविष्य में रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट नीति बनाने की मांग रखी। संघ के अनुसार सरकार की ओर से मामले पर विचार करने और संबंधित प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की बात कही गई है।

NHM ने तीन दिन में मांगी थी कर्मचारियों की जानकारी

संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) ने 11 नवंबर को प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHO) को पत्र जारी किया था। इसमें कोविड काल में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों की जानकारी तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि संघ का दावा है कि निर्धारित समय बीतने के बावजूद कई जिलों से कर्मचारियों की जानकारी भोपाल नहीं भेजी गई है। इससे बहाली की मांग को लेकर चल रही प्रक्रिया आगे बढ़ने में देरी हो रही है।

47 दिन से धरने पर कोरोना योद्धा, PPE किट पहनकर किया रक्तदान; 3 दिवसीय महाआंदोलन शुरू

अब CMHO कार्यालयों के बाहर करेंगे प्रदर्शन

भोपाल में प्रदर्शन के बाद कोविड योद्धाओं ने आंदोलन को जिला स्तर पर तेज करने का निर्णय लिया है। इसके तहत कर्मचारी संबंधित जिलों के CMHO कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करेंगे। उनकी मांग है कि कोविड काल में कार्यरत रहे कर्मचारियों की लंबित जानकारी जल्द से जल्द भोपाल भेजी जाए, ताकि बहाली की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts