सड़क पर गिरते ही एयरबैग बन जाएगा बाइक राइडर का हेलमेट! वायरल वीडियो की क्या है सच्चाई?

देश में कार और बाइक की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसके साथ ही सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। ऐसे में वाहन निर्माता कंपनियां लगातार नए सेफ्टी फीचर्स पर काम कर रही हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने बाइक राइडर्स का ध्यान खींचा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि बाइक से गिरते ही राइडर का हेलमेट एयरबैग में बदल जाता है और उसके सिर से लेकर पूरे शरीर को सुरक्षा कवच की तरह घेर लेता है। लेकिन क्या वाकई ऐसी कोई तकनीक आ चुकी है या फिर यह सिर्फ एक कल्पना है? आइए जानते हैं वायरल वीडियो की सच्चाई।
गिरते ही एयरबैग में बदल जाता है हेलमेट?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक बाइक राइडर को सड़क पर गिरते हुए दिखाया गया है। जैसे ही वह गिरता है, उसके हेलमेट से तेजी से हवा निकलती है और वह एयरबैग की तरह फूलकर राइडर के सिर और शरीर को चारों तरफ से घेर लेता है। वीडियो में दिखाया गया है कि इस तकनीक की मदद से हादसे के दौरान बाइक सवार को गंभीर चोटों से बचाया जा सकता है। इस वीडियो को देखने के बाद कई लोग इसे सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ी क्रांति बता रहे हैं। कुछ यूजर्स तो भारत जैसे देशों में भी ऐसे हेलमेट को अनिवार्य करने की मांग कर रहे हैं।
क्या चीन ने बनाया है ऐसा एयरबैग हेलमेट?
सोशल मीडिया पर वायरल दावों में कहा जा रहा है कि इस तकनीक को चीन की किसी कंपनी ने तैयार किया है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, किसी कंपनी की ओर से ऐसे हेलमेट को आधिकारिक तौर पर लॉन्च किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में वायरल वीडियो में दिखाई गई तकनीक को फिलहाल वास्तविक उत्पाद मानना सही नहीं होगा।
AI से बनाया गया है वायरल वीडियो?
जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो वास्तविक तकनीक का प्रदर्शन नहीं, बल्कि कंप्यूटर जनरेटेड इमेजरी (CGI) या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया कॉन्सेप्ट वीडियो हो सकता है। यानी इसमें दिखाई गई तकनीक को भविष्य की संभावित सुरक्षा व्यवस्था के तौर पर दिखाया गया है, न कि बाजार में उपलब्ध किसी प्रमाणित हेलमेट के रूप में।
क्या भविष्य में हेलमेट में भी आ सकता है एयरबैग?
भले ही वायरल वीडियो में दिखाई गई तकनीक की वास्तविकता की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बाइक राइडर्स की सुरक्षा के लिए एयरबैग तकनीक पहले से इस्तेमाल की जा रही है। बाजार में एयरबैग जैकेट और वेस्ट उपलब्ध हैं, जो दुर्घटना की स्थिति में राइडर के शरीर को अतिरिक्त सुरक्षा देने के लिए डिजाइन किए गए हैं। ऐसे में भविष्य में हेलमेट के साथ भी एयरबैग तकनीक को जोड़ने की संभावनाओं पर काम हो सकता है। हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाए गए पूरे शरीर को ढकने वाले एयरबैग हेलमेट को लेकर अभी किसी आधिकारिक लॉन्च या उपलब्धता की पुष्टि नहीं है।




















