अखिलेश यादव का SSR पर तंज, बोले- इसका उल्टा RSS; चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

लखनऊ। अखिलेश यादव ने महिला अत्याचार, NEET परीक्षा में धांधली और युवाओं की नाराजगी का मुद्दा उठाते हुए बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने वन नेशन, वन इलेक्शन पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि बीजेपी एक बार में भ्रष्टाचार करना चाहती है। इस दौरान उन्होंने सपा में शामिल होने वाले नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह तो अभी शुरुआत है और आगे कई अन्य लोग भी पार्टी में आ सकते हैं।
'SSR का उल्टा क्या होता है? RSS'
लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, SSR का उल्टा क्या होता है? RSS। उन्होंने इसे अनरजिस्टर्ड और नकारात्मक लोगों से जोड़ते हुए कहा कि ऐसे लोग जानते हैं कि सीधा मुकाबला नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि अगर SSR हो रहा है, तो फिर SIR जीरो हो गया।
ये भी पढ़ें: 'सत्ता का रास्ता जनादेश से निकलता है', नेहा बोरा के बयान पर सीएम योगी का पलटवार
'बीजेपी को वोट देकर कोई पाप का भागीदार नहीं होना चाहता'
अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी का विरोध SIR और SSR से नहीं, बल्कि इनकी साजिश से है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को वोट देकर कोई पाप का भागीदार नहीं होना चाहता। उनके मुताबिक, माताएं दुखी हैं और महिलाओं के साथ अत्याचार हुआ है, जिसके कारण महिला वोट भी बीजेपी से अलग हो रहा है। उन्होंने नीट परीक्षा में धांधली का जिक्र करते हुए कहा कि मध्यम वर्ग के लोग भी नाराज हैं।
Gen Z और Gen Alpha की नाराजगी का किया जिक्र
सपा प्रमुख ने कहा कि बीजेपी ने Gen Z का गुस्सा देखा है और Gen Alpha भी नाराज है। उन्होंने दावा किया कि लाभार्थी भी सरकार से खुश नहीं हैं। अखिलेश यादव ने वन नेशन, वन इलेक्शन पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी एक बार भ्रष्टाचार करना चाहती है, ताकि दोबारा ऐसा न करना पड़े। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इसका मतलब एक बार घपला कर लो और फिर दोबारा ऐसा करने की जरूरत न पड़े।
सपा में शामिल होने वाले नेताओं को लेकर कही बड़ी बात
प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने सपा में शामिल होने वाले नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह तो अभी शुरुआत है और अभी विधायकों का स्वागत नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में दूसरे लोग भी पार्टी में आने वाले हैं। अखिलेश के मुताबिक, कई ऐसे दल भी हैं जो मोलभाव कर रहे हैं। जब वे सही तरीके से तौल लेंगे, तो उनकी तरफ भी समाजवादी पार्टी देखेगी।
राजपाल सैनी समेत कई नेताओं के सपा में आने का दावा
अखिलेश यादव ने बताया कि पूर्व सांसद राजपाल सैनी, शान ए अली, जिनके पिता सपा सरकार में मंत्री रहे हैं, रवि प्रताप (बिल्सी, बदायूं), विदुप अग्रहरी, जो बड़े कारोबारी और पूर्व सांसद श्यामाचरण गुप्ता के बेटे हैं, सपा के साथ आ रहे हैं। इसके अलावा नंद किशोर पुंडीर, कमल गौतम (आजाद समाज पार्टी), हरबीर मलिक, शैलेंद्र आचार्य और संजीव प्रधान जैसे नेताओं के भी पार्टी में शामिल होने की बात कही।




















