Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

घरेलू विवाद के बाद महिला शिक्षक ने फांसी लगाकर दी जान, परिजनों ने पति पर लगाए गंभीर आरोप

सबलगढ़ में घरेलू विवाद के बाद महिला शिक्षक स्नेहलता उर्फ पिंकी त्रिवेदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पति पर शराब पीकर विवाद करने और दूसरी महिलाओं से संबंध होने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Follow on Google News
घरेलू विवाद के बाद महिला शिक्षक ने फांसी लगाकर दी जान, परिजनों ने पति पर लगाए गंभीर आरोप

सबलगढ़। मुरैना जिले के सबलगढ़ में घरेलू विवाद के बाद एक महिला शिक्षक ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान गायत्री कॉलोनी निवासी स्नेहलता उर्फ पिंकी त्रिवेदी के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने उसके पति और शिक्षक अनिल त्रिवेदी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, पति ने आरोपों से इनकार करते हुए घटना से पहले पत्नी के साथ केवल कहासुनी होने की बात कही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

झगड़े के बाद भाई के घर चले गए थे पति

जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच स्नेहलता और उनके पति अनिल त्रिवेदी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद अनिल अपने बड़े भाई के घर चले गए। पति के घर से जाने के बाद स्नेहलता ने अपने भाई, भाभी और पति से मोबाइल पर बातचीत की। इसके कुछ समय बाद स्नेहलता ने घर में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी पड़ोस में रहने वाले उनके भाई अमित तिवारी को मिली। उन्होंने तत्काल परिजनों और अनिल त्रिवेदी को सूचना दी और स्नेहलता को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर संदीप सिंह जादौन ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तीन डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सोमवार सुबह तीन डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद मृतका के भाई अमित तिवारी और भाभी ममता तिवारी थाने पहुंचे। यहां उन्होंने स्नेहलता के पति अनिल त्रिवेदी पर कई गंभीर आरोप लगाए।

Breaking News

परिजनों ने पति पर लगाए दूसरी महिलाओं से संबंध के आरोप

मृतका के भाई और भाभी ने आरोप लगाया कि अनिल त्रिवेदी के दो महिलाओं के साथ संबंध थे और वह शराब पीने के बाद अक्सर स्नेहलता से विवाद करते थे। परिजनों का दावा है कि पिछले करीब तीन वर्षों में उन्होंने कई बार अनिल को समझाने की कोशिश की थी। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने अनिल से दूसरी महिलाओं से संबंध खत्म करने और पत्नी के साथ विवाद नहीं करने की बात कही थी, लेकिन कथित तौर पर स्थिति में सुधार नहीं हुआ। उनका आरोप है कि इसी घरेलू तनाव के चलते स्नेहलता ने यह कदम उठाया।

पचमढ़ी में 17 वर्षीय छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, दोस्त को बंधक बनाकर जंगल ले गए तीन आरोपी

पति बोले- पहले भी होती थी नोकझोंक

वहीं अनिल त्रिवेदी ने बताया कि घटना से पहले उनकी पत्नी के साथ नोकझोंक हुई थी। उन्होंने कहा कि इस तरह की कहासुनी पहले भी कई बार हो चुकी थी, इसलिए वह विवाद के बाद अपने भाई के घर चले गए थे। अनिल के मुताबिक, उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनकी पत्नी इतना बड़ा कदम उठा लेंगी। बताया गया है कि अनिल त्रिवेदी पूर्व में बीआरसीसी रह चुके हैं और वर्तमान में प्राचार्य के पद पर पदस्थ हैं। स्नेहलता भी शिक्षक थीं। दोनों की शादी आपसी पसंद से हुई थी। उनका 17 वर्षीय बेटा ग्वालियर में रहकर नीट की तैयारी कर रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पति पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts