🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

रूस-यूक्रेन युद्ध और तेज! जेलेंस्की के होमटाउन में लक्ष्मी मित्तल के स्टील प्लांट पर रूसी हमला; 14 कर्मचारी घायल, 2 की मौत

रूस-यूक्रेन युद्ध लगातार खतरनाक होता जा रहा है। रूस ने यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लाडिमीर जेलेंस्की के होमटाउन क्रिवी रीह में भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल के बड़े स्टील प्लांट पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया।
Follow on Google News
रूस-यूक्रेन युद्ध और तेज! जेलेंस्की के होमटाउन में लक्ष्मी मित्तल के स्टील प्लांट पर रूसी हमला; 14 कर्मचारी घायल, 2 की मौत
आर्सेलरमित्तल के बड़े स्टील प्लांट पर रूसी मिसाइल और ड्रोन से हमला

रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग अब और खतरनाक होती जा रही है। दोनों देशों के बीच लगातार हवाई हमले हो रहे हैं और अब बड़े औद्योगिक ठिकाने भी निशाने पर आ रहे हैं। रूस ने यूक्रेन के क्रिवी रीह शहर में स्थित एक बड़े स्टील प्लांट पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया है। यह प्लांट भारतीय मूल के अरबपति कारोबारी लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल का है। इस हमले में प्लांट के दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल बताए गए हैं। हमले के बाद प्लांट की बिजली व्यवस्था और स्टील बनाने वाली ब्लास्ट फर्नेस यूनिट को नुकसान पहुंचा। इसके चलते उत्पादन का कुछ हिस्सा रोकना पड़ा।

लक्ष्मी मित्तल की कंपनी का है प्लांट

जिस स्टील प्लांट को रूस ने निशाना बनाया है, वह यूक्रेन की सबसे बड़ी एकीकृत स्टील उत्पादन इकाइयों में से एक है। यह आर्सेलरमित्तल की यूनिट है और क्रिवी रीह शहर में स्थित है। क्रिवी रीह यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लाडिमीर जेलेंस्की का गृह नगर भी है। यही वजह है कि इस शहर पर हुए हमले को खास तौर पर अहम माना जा रहा है। यहां पहले भी रूस की ओर से कई हमले किए जा चुके हैं। हमले के बाद प्लांट की सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुईं। बिजली व्यवस्था में नुकसान होने से स्टील उत्पादन पर असर पड़ा और कुछ हिस्सों में काम रोकना पड़ा।

यूक्रेन के बड़े ड्रोन हमले के बाद रूस का पलटवार

रूस का यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब यूक्रेन ने रूस के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए थे। रूस के मुताबिक, यूक्रेन ने एक ही रात में सैकड़ों ड्रोन भेजे। रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में 822 यूक्रेनी ड्रोन को रोका गया। रूस ने इसे युद्ध के दौरान यूक्रेन के सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक बताया। इन हमलों में रूस में कई जगहों पर नुकसान हुआ और लोगों की मौत की भी खबर सामने आई।

मॉस्को की ओर बढ़े सैकड़ों ड्रोन

मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव ने बताया कि राजधानी की तरफ बड़ी संख्या में यूक्रेनी ड्रोन बढ़ रहे थे। उनके मुताबिक, एक ड्रोन मॉस्को क्षेत्र में एक निजी घर पर गिरा। इस घटना में 83 साल के एक बुजुर्ग की मौत हो गई। एक अन्य हमले के बाद रूस की बड़ी ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के गोदाम में आग लग गई। कंपनी की मालिक तात्याना किम रूस की सबसे अमीर महिलाओं में शामिल हैं। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन के मुताबिक, करीब 600 ड्रोन राजधानी की दिशा में आते हुए पाए गए। इनमें से बड़ी संख्या में ड्रोन को मॉस्को क्षेत्र में ही नष्ट कर दिया गया।

यह भी पढ़ें: सावन सोमवार पर तारापीठ में आधी रात का खौफनाक मंजर, होटल में आग लगने से श्रद्धालुओं की मौत

रोस्तोव में भी भारी ड्रोन हमला

यूक्रेन के ड्रोन हमलों का असर रूस के रोस्तोव क्षेत्र में भी देखने को मिला। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इस क्षेत्र के तीन शहरों को निशाना बनाया गया। गवर्नर यूरी स्ल्यूसर के मुताबिक, हमले में 150 से ज्यादा ड्रोन शामिल थे। इस दौरान पांच लोगों की मौत हुई। कई घरों और एक रेलवे स्टेशन को नुकसान पहुंचा। हमले के बाद जंगल के एक हिस्से में भी आग लग गई।

क्रिवी रीह में रूसी हमलों से तबाही

रूस की जवाबी कार्रवाई में यूक्रेन के कई इलाकों को निशाना बनाया गया। क्रिवी रीह में आर्सेलरमित्तल के स्टील प्लांट पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हुई और 14 कर्मचारी घायल हुए। इसके अलावा यूक्रेन के दूसरे हिस्सों में भी हमलों की खबर सामने आई। दक्षिण-पूर्वी जापोरिज्जिया क्षेत्र में दो लोगों की जान गई। रूस की सीमा से लगे सूमी क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत हुई। पूर्वी दोनेत्स्क क्षेत्र में भी एक व्यक्ति के मारे जाने की खबर है। रविवार को क्रिवी रीह पर हुए एक अन्य हमले में भी एक व्यक्ति की मौत हुई थी।

कीव में भी कई जगह लगी आग

रूसी हमलों का असर यूक्रेन की राजधानी कीव में भी दिखाई दिया। हमलों के बाद शहर के कई हिस्सों में आग लग गई और छह लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई। कीव के एक बड़े किताब बाजार में भी आग लग गई। पोचाइना मेट्रो स्टेशन के पास मौजूद कई दुकानों और स्टॉल आग की चपेट में आ गए। इससे इलाके में काफी नुकसान हुआ।

यह भी पढ़ें: ईरान पर साथ नहीं आया साउथ कोरिया! कहा ‘नो थैंक्स’, ट्रंप ने घटाई सैन्य ट्रेनिंग, किम जोंग उन से अपनी दोस्ती का किया जिक्र

जेलेंस्की ने बताया कितना बड़ा  हमहैला

यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लाडिमीर जेलेंस्की ने रूस के लगातार हमलों पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि रूस अपनी लंबी दूरी की मिसाइलों और दूसरे हथियारों से यूक्रेन के शहरों और नागरिक इलाकों को निशाना बना रहा है। जेलेंस्की के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह के दौरान यूक्रेन के अलग-अलग हिस्सों पर 1,550 से ज्यादा ड्रोन, करीब 1,560 गाइडेड बम और 62 मिसाइलें दागी गई हैं। उन्होंने पश्चिमी देशों और दूसरे सहयोगी देशों से यूक्रेन को ज्यादा एयर डिफेंस सिस्टम उपलब्ध कराने की अपील की है। उनका कहना है कि रूसी हवाई हमलों से शहरों और आम नागरिकों को बचाने के लिए मजबूत वायु रक्षा बेहद जरूरी है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

icon

Latest Posts