Robert Pattinson बने नए जेम्स बॉन्ड, 26वीं फिल्म में निभाएंगे 007 का किरदार; जानिए कैसे पड़ा था ये नाम

दुनियाभर के सिनेमा प्रेमियों का इंतजार खत्म हो गया है। ब्रिटिश एक्टर रॉबर्ट पैटिनसन अब जेम्स बॉन्ड के किरदार में नजर आएंगे। Amazon MGM Studios ने 16 नवंबर को आधिकारिक तौर पर उन्हें अगले 007 के रूप में घोषित किया। वह डेनियल क्रेग की जगह लेंगे। यह जेम्स बॉन्ड फ्रेंचाइजी की 26वीं फिल्म होगी और पैटिनसन इस आइकॉनिक किरदार को निभाने वाले सातवें एक्टर बनेंगे।
पक्षी विज्ञानी की किताब से मिला था जेम्स बॉन्ड नाम
जेम्स बॉन्ड के नाम के पीछे की कहानी भी काफी दिलचस्प है। इस किरदार को ब्रिटिश लेखक इयान फ्लेमिंग ने रचा था। साल 1952 में उन्होंने अपनी पहली जासूसी कहानी कैसिनो रॉयल लिखनी शुरू की। उस समय उन्हें अपने मुख्य किरदार के लिए एक ऐसे नाम की तलाश थी, जो साधारण और बिना किसी दिखावे वाला हो।
इसी दौरान उनकी नजर पक्षियों पर लिखी एक किताब Birds of the West Indies पर पड़ी। इस किताब के लेखक अमेरिकी पक्षी विज्ञानी जेम्स बॉन्ड थे। फ्लेमिंग खुद भी पक्षियों में दिलचस्पी रखते थे और इस किताब से परिचित थे। उन्हें इसका नाम अपने जासूस के किरदार के लिए बिल्कुल सही लगा। इस तरह एक असली पक्षी विज्ञानी का नाम दुनिया के सबसे चर्चित काल्पनिक जासूसों में शामिल हो गया।
क्यों खास है रॉबर्ट पैटिनसन का चयन?
रॉबर्ट पैटिनसन का नाम सामने आने के बाद से ही फिल्म जगत में चर्चा तेज हो गई है। पैटिनसन को दुनियाभर में पहचान ट्वाइलाइट फिल्म सीरीज से मिली थी। इसके बाद उन्होंने द बैटमैन, टेनेट जैसी फिल्मों में भी अलग-अलग तरह के किरदार निभाए। अब वह डेनियल क्रेग के बाद जेम्स बॉन्ड की जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे पहले इस किरदार को सीन कॉनरी, जॉर्ज लेजेनबी, रोजर मूर, टिमोथी डाल्टन, पियर्स ब्रॉसनन और डेनियल क्रेग निभा चुके हैं। पैटिनसन के चयन को फ्रेंचाइजी के लिए एक नए दौर की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
डेनिस विलेन्यूव करेंगे फिल्म का निर्देशन
अगली जेम्स बॉन्ड फिल्म का निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर डेनिस विलेन्यूव करेंगे, जबकि इसकी कहानी की पटकथा स्टीवन नाइट लिख रहे हैं। फिल्म के निर्माता एमी पास्कल और डेविड हेमैन हैं। तान्या लापॉइंट एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़ी हैं। विलेन्यूव ने पैटिनसन का स्वागत करते हुए कहा कि उनमें जेम्स बॉन्ड की पारंपरिक पहचान के साथ कुछ नया पेश करने की क्षमता है। वहीं पैटिनसन ने इस भूमिका को अपने जीवन का बड़ा सम्मान और सपना सच होने जैसा बताया है। फिलहाल फिल्म का आधिकारिक नाम और रिलीज डेट घोषित नहीं की गई है।
बदलते दौर के साथ बदल रही है जेम्स बॉन्ड की दुनिया
जेम्स बॉन्ड सिर्फ एक फिल्मी किरदार नहीं, बल्कि ब्रिटेन की सांस्कृतिक पहचान का भी हिस्सा रहा है। इयान फ्लेमिंग ने जिस दौर में इस किरदार को गढ़ा, उस समय ब्रिटेन द्वितीय विश्व युद्ध के बाद बदलते वैश्विक हालात से गुजर रहा था। बॉन्ड का किरदार एक ऐसे जासूस के रूप में लोकप्रिय हुआ, जो अपने अंदाज, हिम्मत और मिशन पूरा करने के जुनून के लिए जाना जाता है। अब इस फ्रेंचाइजी की कमान Amazon MGM Studios के पास है। ऐसे में नए एक्टर का चयन और फिल्म की दिशा दोनों अहम माने जा रहे हैं। बदलते समय के साथ जेम्स बॉन्ड के किरदार को भी नए दर्शकों और नई सोच के अनुरूप पेश करने की चुनौती होगी।
MI6 की कमान भी पहली बार महिला के हाथ में
जेम्स बॉन्ड की कहानियों में ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी MI6 की अहम भूमिका रही है। दिलचस्प बात यह है कि वास्तविक दुनिया में भी इस एजेंसी के नेतृत्व में ऐतिहासिक बदलाव हुआ है। जून 2025 में ब्लेज मेट्रेवेली को MI6 की पहली महिला प्रमुख नियुक्त किया गया था। ऐसे में जेम्स बॉन्ड की नई फिल्म से यह देखना दिलचस्प होगा कि बदलते दौर में एजेंसी और 007 की दुनिया को किस तरह दिखाया जाता है।




















