Rob Reiner And His Wife Found Dead:घर में घुसकर हॉलीवुड डायरेक्टर और उनकी पत्नी का कत्ल

लॉस एंजिल्स। हॉलीवुड से आई एक दुखद खबर ने सबको चौंका दिया है। दिग्गज निर्देशक और अभिनेता रॉब रेनर और उनकी पत्नी मिशेल रेनर को उनके घर में मृत पाया गया। यह घटना लॉस एंजिल्स के ब्रेंटवुड इलाके में हुई, रविवार दोपहर दोनों का शव बरामद हुआ। पुलिस ने इसे डबल मर्डर का मामला बताया है और जांच अभी जारी है।
घटना की जानकारी
पुलिस के अनुसार, 14 दिसंबर 2025 को स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 3:40 बजे, चाडबोर्न एवेन्यू स्थित उनके घर से मेडिकल इमरजेंसी की कॉल आई। मौके पर पहुंची टीम ने 78 वर्षीय रॉब रेनर और 68 वर्षीय मिशेल सिंगर के शव पाए। शुरुआती रिपोर्ट्स में कहा गया कि दोनों के शरीर पर चाकू के घाव थे।

शुरू में मृतकों की पहचान गुप्त रखी गई थी, लेकिन बाद में मीडिया रिपोर्टस ने बताया कि मृतक रॉब रेनर और उनकी पत्नी मिशेल सिंगर रेनर हैं। LAPD के रॉबरी और होमिसाइड डिवीजन इस मामले की गहन जांच कर रहे हैं।
पड़ोसियों ने पुष्टि की कि रॉब और मिशेल लंबे समय से उसी प्रॉपर्टी में रह रहे थे। लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट ने भी बताया कि उन्होंने उसी दिन दोपहर 3:38 बजे मेडिकल इमरजेंसी कॉल पर कार्रवाई की थी। पुलिस ने मामले का विस्तृत विवरण साझा नहीं किया है कि चोटें कैसे लगीं और घटना कैसे हुई।
हॉलीवुड के जाने-माने निर्देशक और अभिनेता रॉब रेनर और मिशेल सिंगर ने 1989 में शादी की थी। उनके तीन बच्चे हैं। कपल ने कई सालों तक ब्रेंटवुड में जीवन बिताया। उनका जन्म 6 मार्च 1947 को न्यूयॉर्क के ब्रोंक्स में हुआ था। उनके पिता कार्ल रेनर भी लेखक और कलाकार थे, जिनके नक्शेकदम पर चलते हुए रॉब ने फिल्मी दुनिया में कदम रखा। रॉब को पहली बार 1970 के दशक में CBS सिटकॉम 'ऑल इन द फैमिली' में माइक मीटहेड स्टिविक के किरदार से पहचान मिली। इस भूमिका के लिए उन्हें दो एमी अवॉर्ड मिले। फिल्म निर्देशन में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। उनके निर्देशन में बनी फिल्मों में 'स्टैंड बाय मी', 'द प्रिंसेस ब्राइड', 'मिजरी', 'ए फ्यू गुड मेन' और 'व्हेन हैरी मेट सैली…' जैसी हिट फिल्में शामिल हैं।





















