रीवा में न्यूक्लियर प्लांट के विरोध में छठवें दिन भी जारी रहा आदिवासियों का चिता आंदोलन, परियोजना रद्द करने की मांग

रीवा। जिले के रोझौही में प्रस्तावित परमाणु बिजलीघर (न्यूक्लियर पावर प्लांट) के विरोध में आदिवासी ग्रामीणों का अनूठा 'चिता आंदोलन' गुरुवार को छठवें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारी ग्रामीणों ने लकड़ियों की प्रतीकात्मक चिता तैयार कर उस पर बैठकर और लेटकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे विकास के नाम पर अपनी पुश्तैनी जमीन, जलस्रोत और प्राकृतिक संसाधनों से कोई समझौता नहीं करेंगे और किसी भी कीमत पर यहां परमाणु संयंत्र नहीं बनने देंगे।
ग्रामसभा के फैसले की अनदेखी से भड़का आक्रोशआंदोलन का नेतृत्व कर रहे रामशिरोमणि कोल, रामकरण प्रजापति, रामसुजान कोल और मानफेर कोल समेत अन्य ग्रामीणों का कहना है कि 3 सितंबर को सरई कला की ग्रामसभा में इस परियोजना का प्रस्ताव खारिज किया जा चुका है। इसके बावजूद 9 अक्टूबर को साइट जांच के लिए बोरिंग मशीनें भेजी गईं, जिन्हें ग्रामीणों ने खदेड़ दिया था।
रीवा में न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में प्रदर्शन खत्म, आधी रात तालाब से निकाले गए प्रदर्शनकारी
दीपावली पर मनाई काली दिवाली, विस्थापन का डर
खेती और प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर आदिवासी परिवारों को जमीन अधिग्रहण, विस्थापन और पर्यावरण को होने वाले नुकसान का डर सता रहा है। विरोध के चलते ग्रामीणों ने दीपावली पर घरों में दीये तक नहीं जलाए और मशाल जुलूस निकाला।
जल सत्याग्रह के दौरान महिला की हो चुकी है मौत
इससे पहले जल सत्याग्रह के दौरान विमला कोल की मृत्यु ने ग्रामीणों के गुस्से को और भड़का दिया है। ग्रामीण परियोजना के दस्तावेज सार्वजनिक करने और इसे पूरी तरह निरस्त करने की मांग पर अड़े हैं। प्रशासन के मौखिक आश्वासनों से असंतुष्ट आंदोलनकारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक परियोजना रद्द करने का ठोस फैसला नहीं होता, उनका यह आंदोलन जारी रहेगा।




















