सीहोर में 3 लोगों की गुमशुदगी पर नया मोड़, मामा बोले- दीवार खुदवाकर करा लें जांच; जमीन विवाद का आरोप
सीहोर। चंदन दांगी ने अपनी लापता बहन ओमवती, जीजा सुरेश और भांजे राजेश दांगी को सकुशल तलाशने की गुहार लगाई। साथ ही अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। मामा ने यहां तक कहा कि अगर घर की दीवार पर खून के निशान होने का आरोप है तो पुलिस दीवार खुदवाकर जांच करा ले। उन्हें किसी भी जांच से परहेज नहीं है।
जमीन विवाद को बताया पूरे घटनाक्रम की वजह
डालचंद और चंदन दांगी ने अपने आवेदन में बताया कि ग्राम खाईखेड़ा, तहसील दोराहा में उनकी पैतृक भूमि है। उनके अनुसार पिता ने अपने तीनों पुत्रों के बीच जमीन का बराबर बंटवारा किया था, लेकिन बाद में माता कृष्णाबाई, बहनों ओमवतीबाई, कमलाबाई और सीमाबाई की ओर से जमीन के नामांतरण और बंटवारे को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इस मामले में पिछले एक वर्ष से न्यायालय में प्रकरण लंबित है। मामा का दावा है कि ओमवती के पति सुरेश कुमार के प्रभाव में आकर जमीन को लेकर विवाद बढ़ाया गया।
ये भी पढ़ें: सीहोर मंडी में दिवाली बाद शुरू हुई नीलामी, सोयाबीन 8100 तो गेहूं 3551 रुपये क्विंटल बिका
हाईकोर्ट के आदेश और अवमानना प्रकरण का हवाला
आवेदन में दोनों भाइयों ने उच्च न्यायालय में रिट पिटिशन क्रमांक 33840/2026 का उल्लेख करते हुए बताया कि 19 अगस्त 2026 को उनके पक्ष में स्थगन आदेश जारी हुआ था। उनका आरोप है कि आदेश का उल्लंघन किए जाने के संबंध में अवमानना प्रकरण क्रमांक 7850/2026 भी 2 नवंबर 2026 को उच्च न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। मामा का दावा है कि इसी कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए सुरेश कुमार अपनी पत्नी और बेटे के साथ लापता हो गए हैं। हालांकि, यह उनके आवेदन में लगाए गए आरोप हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
'दीवार खुदवाकर जांच करा लीजिए, हम तैयार हैं'
भांजी किरण दांगी द्वारा दीवार पर खून के निशान होने सहित लगाए गए आरोपों पर दोनों भाइयों ने खुलकर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस को घर की दीवार पर खून के निशान होने की जानकारी मिली है तो उसे खुदवाकर जांच करा ली जाए। घर, परिसर और आसपास के प्रत्येक संदिग्ध स्थान की जांच होनी चाहिए। उन्होंने क्षेत्र के सभी CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने, संबंधित मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस करने और संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाने की मांग की। उनका कहना है कि असलियत सामने लाने के लिए पुलिस जो भी आवश्यक कार्रवाई करेगी, उसमें वे पूरा सहयोग करेंगे।
बचपन से पाला, अब लगाए जा रहे आरोप
दोनों मामा ने पारिवारिक रिश्तों का हवाला देते हुए कहा कि उनकी भांजी किरण को उन्होंने बचपन से पाला है और अपनी मां को भी अपने साथ रखा। इसके बावजूद उन्हें बदनाम करने और अपहरण जैसे गंभीर मामले में फंसाने की साजिश रचे जाने की आशंका है। उन्होंने यह भी बताया कि उनके एक भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो चुकी है और उसके अंतिम संस्कार एवं रसोई में भी संबंधित परिजन शामिल नहीं हुए थे। उनका आरोप है कि परिवार के भीतर चल रही रंजिश को अब गुमशुदगी के मामले से जोड़कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
पुलिस की जांच में सहयोग का दावा
मामा के मुताबिक जिला पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी प्रेमनारायण गोयल, अहमदपुर थाना प्रभारी बल त्यागी और साइबर सेल की टीम लापता तीनों लोगों की तलाश में जुटी है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी अपनी बहन, जीजा और भांजे को तलाशने में सहयोग कर रहे हैं। उनका दावा है कि जीजा सुरेश दांगी पहले भी आश्रमों और धार्मिक स्थलों पर जाते रहे हैं तथा घूमने-फिरने के शौकीन हैं।
निष्पक्ष जांच से सामने आए पूरी सच्चाई
डालचंद और चंदन ने प्रशासन से मांग की है कि पारिवारिक जमीन विवाद, न्यायालयीन आदेश, कथित लेनदेन और तीनों लोगों की गुमशुदगी को अलग-अलग पहलुओं से जांचा जाए। उन्होंने आशंका जताई कि जमीन के कथित सौदे और विवादित संपत्ति को लेकर भी इस घटनाक्रम के पीछे कोई वजह हो सकती है। दोनों भाइयों का कहना है कि वे पिछले एक वर्ष से न्यायालय के माध्यम से अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं और किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल नहीं हैं। अब सवाल यह है कि तीनों लापता परिजनों का पता कब चलेगा और आरोप-प्रत्यारोप के बीच वास्तविक घटनाक्रम क्या है? इसकी तस्वीर पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। भाई मामले में अहमदपुर थाना प्रभारी बीएल त्यागी का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। जहां सामने आने के बाद ही मामले में कार्रवाई की जाएगी।






















