Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राजगढ़ की पंचायतों ने लिया संकल्प, गांवों में नहीं होगा बाल विवाह, बाल सगाई और बाल श्रम; हर बच्चे को मिलेगी शिक्षा

राजगढ़ जिले की खिलचीपुर जनपद पंचायतों ने बाल विवाह, बाल सगाई और बाल श्रम रोकने का संकल्प लिया। कार्यशाला में सरपंच, सचिव और रोजगार सहायकों ने बालमैत्री गांव बनाने पर जोर दिया।
राजगढ़ की पंचायतों ने लिया संकल्प, गांवों में नहीं होगा बाल विवाह, बाल सगाई और बाल श्रम; हर बच्चे को मिलेगी शिक्षा
राजगढ़ की पंचायतों ने लिया संकल्प

खिलचीपुर। गांव के हर बच्चे को सुरक्षित बचपन, शिक्षा और आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से राजगढ़ जिले की खिलचीपुर जनपद की ग्राम पंचायतों ने बालमैत्री गांव बनाने का संकल्प लिया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि उनके गांवों में न बाल विवाह होगा, न बाल सगाई और न ही किसी बच्चे से बाल श्रम कराया जाएगा। इसके साथ ही यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। यह संकल्प गुरुवार को अहिंसा वेलफेयर सोसायटी की ओर से खिलचीपुर जनपद पंचायत में आयोजित कार्यशाला के दौरान लिया गया। इसमें जनपद क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव और रोजगार सहायकों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक पंचायत से एक-एक प्रतिनिधि कार्यशाला में शामिल हुआ। इस दौरान बाल विवाह, बाल सगाई, बाल श्रम और बच्चों की शिक्षा एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बाल विवाह और बाल श्रम रोकने में पंचायतों की होगी अहम भूमिका

कार्यशाला में अहिंसा वेलफेयर सोसायटी की टीम ने बताया कि बाल विवाह और बाल सगाई जैसी सामाजिक परंपराएं बच्चों के बचपन, शिक्षा और भविष्य को प्रभावित करती हैं। कम उम्र में बच्चों के रिश्ते तय करना उनके अधिकारों और स्वतंत्र विकास में बाधा बनता है। वहीं बाल श्रम के कारण बच्चे शिक्षा और सामान्य बचपन से दूर हो जाते हैं। इन समस्याओं को रोकने के लिए पंचायत स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के साथ जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है। पंचायत प्रतिनिधियों को बताया गया कि बालमैत्री गांव बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर लगातार निगरानी और सामुदायिक भागीदारी जरूरी है।

सरपंच, सचिव, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ता मिलकर करेंगे निगरानी

कार्यशाला में बताया गया कि बालमैत्री ग्राम बनाने के लिए सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, शिक्षक और बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति को मिलकर काम करना होगा। यदि गांव में किसी बच्चे का बाल विवाह या बाल सगाई तय होने की जानकारी मिलती है, तो समय रहते संबंधित विभाग को सूचित करना होगा। इसके अलावा स्कूल से बाहर हो चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने और बाल श्रम की जानकारी मिलने पर जरूरी कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय करने पर जोर दिया गया।

सतत विकास लक्ष्यों से भी जोड़ा गया बालमैत्री पंचायत का संकल्प

कार्यशाला में संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) पर भी चर्चा की गई। बताया गया कि बालमैत्री पंचायत का निर्माण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, लैंगिक समानता, बाल श्रम की समाप्ति और बच्चों की सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़ा है। इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए पंचायत, प्रशासन और ग्रामीण समुदाय के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि गांव के लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल तैयार किया जा सकता है।

गांवों को बाल विवाह मुक्त और बालमैत्री बनाने का लिया संकल्प

कार्यशाला में शामिल पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने गांवों में बच्चों के अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाने और बाल विवाह मुक्त एवं बालमैत्री पंचायत बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।

Ramesh Dangi
By Ramesh Dangi

Latest Posts