कटनी में 4 साल से पुल का इंतजार, उफनती नदी पार कर स्कूल जा रहे बच्चे; 6 करोड़ से बनेगा नया पुल और सड़क

कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले की ढीमरखेड़ा तहसील के ग्राम सगवा में दतला नदी पर बना पुल चार साल पहले तेज बारिश में बह गया था। इसके बाद से अब तक पुल का पुनर्निर्माण नहीं हो सका है। पुल नहीं होने का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें रोजाना नदी पार कर स्कूल जाना पड़ता है। बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने और रास्ता पथरीला होने के कारण बच्चों की जान पर जोखिम बना रहता है।
जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे बच्चे
पुल बहने के बाद से ग्राम सगवा के बच्चों के सामने स्कूल पहुंचना बड़ी चुनौती बन गया है। आवागमन का सुरक्षित रास्ता नहीं होने के कारण बच्चे उफनती और पथरीली नदी पार करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासनिक उदासीनता के चलते चार साल से समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका है।
तहसील और जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए लगाना पड़ता है लंबा चक्कर
पुल नहीं होने से ग्रामीणों का तहसील और जिला मुख्यालय तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। सीधा रास्ता बंद होने के कारण उन्हें कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। इसका सबसे ज्यादा असर मरीजों और बुजुर्गों पर पड़ता है। आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने और जरूरी कामों के लिए बाहर जाने में भी परेशानी होती है। हर साल बारिश खत्म होने के बाद ग्राम पंचायत की ओर से नदी पार करने के लिए अस्थायी रास्ता तैयार किया जाता है, लेकिन अगले मानसून में पानी के तेज बहाव के कारण वह भी बह जाता है। ऐसे में ग्रामीणों की समस्या हर साल फिर खड़ी हो जाती है।
चार साल से लगा रहे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर
ग्रामीणों के मुताबिक वे बीते चार वर्षों से पुल निर्माण की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के पास जा रहे हैं। उन्हें अब तक आश्वासन ही मिले हैं। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। अब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सीधे हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीण चाहते हैं कि दतला नदी पर जल्द पक्का पुल बनाया जाए, ताकि बच्चों और आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
6 करोड़ रुपये से बनेगा नया पुल और पहुंच मार्ग
इस मामले में PWD के एसडीओ शैलेंद्र शुक्ला ने बताया कि नए पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है। सभी जरूरी विभागीय प्रक्रियाएं भी पूरी कर ली गई हैं। करीब 6 करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि से पुल और सड़क का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य जल्द ही शुरू कराया जाएगा।




















