रतलाम में प्रतिभा सम्मान समारोह : मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा- छात्रों में हैं असीम संभावनाएं, फाउंडेशन नई ऊर्जा भरने का करता है प्रयास

रतलाम। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन की देखरेख में बरबड़ स्थित विधायक सभागृह में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह हुआ। इसमें कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परिक्षाओं में 75% से अधिक अंक लाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को शील्ड एवं टाईटन की रिस्ट वॉच प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदयप्रताप सिंह उपस्थित रहे। इस सम्मान कार्यक्रम की अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री विजय शाह ने की। समारोह में 93% से अधिक अंक लाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर आमंत्रित किया गया।
अच्छी शिक्षा है बेहतर इंसान बनने की कुंजी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिले के प्रभारी मंत्री कुंवर विजय शाह ने कहा कि आज का यह कार्यक्रम बहुत अद्भुत और अनूठा है। जो अच्छा पढ़ेगा और लिखेगा, वही भविष्य में अच्छा इंसान, नेता, अधिकारी और माता-पिता बनेगा। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन के माध्यम से कैबिनेट मंत्री काश्यप ने समाज सेवा का जो दीपक जलाया है, उसमें तेल और कपूर डालकर हम हजारों दीपक जलाने का कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा कर इस तरह का कार्यक्रम पूरे प्रदेश में करेंगे।
ऐसे आयोजनों से प्रोत्साहित होते हैं बच्चे
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने मंत्री काश्यप को आयोजन में आमंत्रण के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम भविष्य की पीढ़ी को आगे बढ़ाने में प्रेरणादायी साबित होगा, क्योंकि ऐसे आयोजनों से बच्चों को प्रोत्साहित किया जा सकता है। वे अपनी विधानसभा में ऐसा आयोजन कर मंत्री काश्यप के आतिथ्य में ही बच्चों को सम्मानित करने का प्रयास करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि देश का हर स्कूल एक्सीलेंस बने।












