सीएम ने वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में छोड़े ‘नीरा’ और ‘व्योम’ चीते, कहा-इनका मानव से संघर्ष नहीं होता

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सागर जिले के वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो चीतों व्योम और नीरा को छोड़ा। दोनों कूनो नेशनल पार्क से लाए गए हैं। इनके लिए मुहली रेंज में 5 बोमा तैयार किए गए हैं। चीतों की सुरक्षा के लिए करीब 439 हेक्टेयर क्षेत्र में विशेष इंतजाम किए गए हैं। वन विभाग उनकी निगरानी, सुरक्षा और स्वास्थ्य की लगातार मॉनिटरिंग करेगा।
बफर जोन के गांवों में होम-स्टे विकसित किए जा रहे हैं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में जहां-जहां अभयारण्य हैं, वहां पर्यटन से होने वाली आय में स्थानीय ग्रामीणों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। बफर जोन के गांवों में होम-स्टे विकसित किए जा रहे हैं। ग्रामीणों को होम-स्टे विकसित करने के लिए सरकार की ओर से अनुदान भी प्रदान किया जा रहा है।
वन्यप्राणियों में समृद्ध है अपना मप्र
मुख्यमंत्री ने कहा- देश में सबसे ज्यादा गिद्ध मध्यप्रदेश में हैं। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है। देश में सबसे ज्यादा टाइगर भी अपने ही राज्य में हैं। ऐसे ही चंबल में घड़ियाल, नर्मदा, मां नर्मदा की कथा और मां नर्मदा का महत्व सबको मालूम है।
ये भी पढ़ें: गांधीसागर पहुंची नई मादा चीता; मुख्यमंत्री ने बाड़े में छोड़ा, नाम रखा ‘राधा’, मप्र के दूसरे घर में अब 4 चीते




















