Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रामलला प्राण प्रतिष्ठा : सांसद-विधायक, मंत्रियों को अभी अयोध्या न जाने की सलाह

भाजपा ने कहा- स्थानीय मंदिरों में बड़ी एलईडी पर सीधा प्रसारण दिखाएं
Follow on Google News
रामलला प्राण प्रतिष्ठा : सांसद-विधायक, मंत्रियों को अभी अयोध्या न जाने की सलाह

भोपाल। भाजपा संगठन ने अपने सभी मंत्री विधायक और सांसदों को अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल न होने की सलाह दी है। मध्यप्रदेश में संगठन ने अपने सभी जनप्रतिनिधियों से कहा है कि प्राण प्रतिष्ठा के समय वे अपने क्षेत्रों में स्थित मंदिरों में सफाई कार्यक्रम चलाएं और क्षेत्रीय नागरिकों- कार्यकर्ताओं के साथ उत्सव मनाएं। पूरे देश से उमड़ रही भीड़ को देखते हुए राम जन्म भूमि ट्रस्ट की ओर से भी अपील की गई है कि मुख्य कार्यक्रम के बाद ही अयोध्या जाने का कार्यक्रम बनाएं। अयोध्या के नवनिर्मित मंदिर में 22 जनवरी को भगवान रामलला की स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण प्रदेश के सभी मंदिरों में बड़ी एलईडी के जरिए क्षेत्रीय लोगों को दिखाने और उस दिन उत्सव मनाने की तैयारियां की गई हैं।

मकर संक्रांति तक पीले चावल

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद द्वारा मकर संक्रांति तक मप्र सहित देश भर में घर-घर जाकर पीले चावल और मंदिर का पत्रक बांटकर न्यौता देने का अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा संगठन ने भी अपने जनप्रतिनिधियों को कार्यकर्ताओं के साथ मंदिरों में सफाई अभियान चलाने, दीप दान, भजन-पूजन और घरों में रांगोली के साथ दीपक जलाने को प्रेरित करने के लिए कहा गया है।

मप्र से 10 हजार लोग जाएंगे

विश्व हिंदू परिषद ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद राज्यों से एक लाख लोगों को अयोध्या ले जाकर रामलला के दर्शन कराने का कार्यक्रम बनाया है। 27 जनवरी से एक माह तक यह सिलसिला चलेगा। मप्र से करीब 10 हजार लोग अलग-अलग तारीखों में दर्शन करने जाएंगे। मध्य भारत प्रांत को 16 फरवरी की तारीख दी गई है। अयोध्या में होने वाले कार्यक्रम के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने की अपील भी की गई थी।

अयोध्या में भीड़ न बढ़ाएं, दीपोत्सव मनाएं: शुक्ला

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने ''पीपुल्स समाचार '' को बताया कि संगठन की ओर से सभी नेताओं को अपने क्षेत्र के मंदिरों में स्वच्छता अभियान चलाने दीपदान और दीपोत्सव जैसे कार्यक्रम मनाने को कहा गया है। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दिन अयोध्या में भीड़ न बढ़ाने का आग्रह किया गया है।

मंदिरों में होंगे विशेष कार्यक्रम

अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के सभी नगर और गांवों के मंदिरों में विशेष पूजन और कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखने की व्यवस्था की जा रही है। जनप्रतिनिधिगण अपने क्षेत्रों में यह कार्यक्रम कराएंगे, 22 जनवरी के बाद ही ये सभी अयोध्या जाने का कार्यक्रम बनाएंगे। -वीडी शर्मा अध्यक्ष मप्र भाजपा

Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts