राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस:चंपत राय का बयान दर्ज, करीब 80 लोगों को नोटिस

बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां डिजिटल सबूत, बैंकिंग ट्रेल और आरोपियों से पूछताछ के जरिए पूरे मामले की परतें खोलने में जुटी हैं। ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, जबकि शुरुआती कार्रवाई और सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है।
70 से 80 लोगों को भेजे गए नोटिस!
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियों ने अनिल मिश्रा और गोपाल राव समेत 70 से 80 लोगों को नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने के लिए कहा है। इतने बड़े स्तर पर नोटिस जारी होने से माना जा रहा है कि मामला केवल कुछ लोगों तक सीमित नहीं है। जांच एजेंसियां सभी संबंधित पक्षों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। इससे पूरे मामले का दायरा पहले से कहीं अधिक व्यापक नजर आ रहा है।
ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में OBC आरक्षण पर बड़ा बदलाव, 66 वर्गों को मिलेगा 7% कोटा; विधानसभा से पास हुए दो नए कानून
डिलीट चैट और मोबाइल डेटा की होगी जांच
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन से कई अहम चैट्स डिलीट कर दी थीं। अब इन मोबाइल फोन को फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) भेजा जाएगा। वहां डिलीट किए गए डेटा और चैट्स को रिकवर करने का प्रयास किया जाएगा। जांच एजेंसियों का मानना है कि डिजिटल साक्ष्य पूरे मामले की सच्चाई तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
6 बैंकों से मांगी गई खातों और लॉकर की जानकारी
जांच एजेंसियों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा और केनरा बैंक सहित छह बैंकों को नोटिस जारी किए हैं। इन बैंकों से आरोपियों, ट्रस्ट और मामले से जुड़े अन्य लोगों के बैंक खातों और लॉकरों की जानकारी मांगी गई है। जांच का फोकस अब कथित पैसे के लेन-देन और बैंकिंग ट्रेल पर भी है। एजेंसियां वित्तीय रिकॉर्ड के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही हैं।
ट्रस्ट पदाधिकारियों के बयान भी दर्ज
सोमवार को पुलिस ने ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का बयान दर्ज किया। जांच एजेंसियों का कहना है कि जरुरत पड़ने पर अनिल मिश्रा और ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारियों से भी पूछताछ की जाएगी। गौरतलब है कि हाल ही में चंपत राय ने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव पद से इस्तीफा दिया है। जांच के दौरान ट्रस्ट की भूमिका से जुड़े सभी पहलुओं को भी परखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें: Delhi EV Policy: इलेक्ट्रिक कारों पर रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन फीस माफ, खरीद पर भी मिलेगा बड़ा फायदा
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हो रही जांच
बताया जा रहा है कि ट्रस्ट को चढ़ावे और चंदे में कथित गड़बड़ी की जानकारी पहले से थी। 5 जून को चंपत राय के निर्देश पर ट्रस्ट के प्रतिनिधि पुलिस टीम के साथ आरोपी अविनाश शुक्ला के ठिकाने पर पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर नकदी भी बरामद की थी।












