राजगढ़ :बन रहा कुआं धंसने से जनपद सदस्य की मां और पत्नी की दबने से मौत, दोनों शव निकाले

खिलचीपुर। राजगढ़ जिले के खिलचीपुर के समीप ग्राम बामनगांव में गुरुवार दोपहर एक निर्माणाधीन कुआं अचानक धंस गया। इस हादसे में जनपद सदस्य की मां रूपा बाई और पत्नी पिंकी बाई मिट्टी के नीचे दब गई। ज्यादा देर तक दबे रहने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। सूचना पर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से महिलाओं को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया था।
25 फीट गहराई में पहुंची सास-बहू
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेता और जनपद सदस्य मुकेश कोट (डांगी) अपने खेत में पुराने कुएं का पुनर्निर्माण करा रहे थे। खुदाई के बाद कुएं की बाउंड्री आरसीसी से बनाई गई थी। मंगलवार को निर्माण कार्य पूरा हो गया था। आरसीसी को मजबूत करने कुएं के चारों ओर की जमीन गीली की गई थी। बाउंड्री में लोहे की सेंट्रिंग लगी थी। मुकेश की मां रूपा बाई और पत्नी पिंकी कुएं को देखने पहुंची थीं। इसी दौरान कुएं के आसपास की मिट्टी अचानक धंस गई और दोनों महिलाएं करीब 25 फीट गहरे कुएं में जा गिरीं। कुछ ही पलों में कुआं और आसपास का हिस्सा मिट्टी से भर गया।
ये भी पढ़ें: सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- मानसून सत्र में लाएंगे यूसीसी विधेयक, दिवाली से लागू करेंगे
तीन जेसीबी और पोकलेन मशीन की ली मदद
हादसे के तुरंत बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर मिट्टी हटाने का काम शुरू कर दिया था। सूचना पर कुछ ही देर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तीन जेसीबी मशीनों से सावधानीपूर्वक मिट्टी हटाई गई। इसके साथ ही प्रशासन ने एक पोकलेन मशीन भी मौके पर बुलवाई थी।
एंबुलेंस की गई थी तैनात
खिलचीपुर अस्पताल से एक एंबुलेंस भी घटनास्थल पर तैनात की गई थी। अधिकारियों का कहना था कि महिलाओं को बाहर निकालते ही तुरंत अस्पताल पहुंचाया जाएगा, ताकि उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता मिल सके, लेकिन जब तक दोनों को बाहर निकाला गया उनकी मौत हो चुकी थी।
ये भी पढ़ें: MP Weather Update : कहीं आंधी-बारिश तो कहीं लू जैसे हालात... 33 जिलों में बदला मौसम, जानिए कब होगी मानसून की एंट्री
विधायक हजारी लाल डांगी मौके पर पहुंचे
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक हजारी लाल डांगी भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से रेस्क्यू कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।












