Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जेल में कैदी के पास पहुंचा कट्टा, प्रहरी पर चला दी गोली! रायसेन जेल की घटना से सनसनी

मध्य प्रदेश के रायसेन जिला जेल में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हत्या के मामले में विचाराधीन कैदी ने कथित तौर पर जेल प्रहरी पर गोली चला दी।
जेल में कैदी के पास पहुंचा कट्टा, प्रहरी पर चला दी गोली! रायसेन जेल की घटना से सनसनी
हत्या के आरोपी कैदी ने जेल प्रहरी को गोली मारी

मध्य प्रदेश के रायसेन की जिला जेल में बुधवार सुबह एक गंभीर घटना सामने आई। हत्या के मामले में जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी ने कथित तौर पर जेल प्रहरी को गोली मार दी। गोली प्रहरी की कमर के नीचे लगी और शरीर के अंदर घुस गई। घटना के बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया। घायल प्रहरी की पहचान दिग्विजय सिंह तोमर के रूप में हुई है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जेल कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए रायसेन जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भोपाल रेफर कर दिया।

सुबह करीब 9 बजे जेल में चली गोली

जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार 2 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे हुई। उस समय जेल परिसर में सामान्य गतिविधियां चल रही थीं। इसी दौरान हत्या के मामले में बंद कैदी नीलेश निर्वेदी को लेकर अचानक विवाद की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि कैदी जेल का गेट खुलवाकर बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर जेल प्रहरी पर गोली चला दी। गोली लगते ही प्रहरी घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद जेल में मौजूद कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और घायल प्रहरी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

Bilaspur: बिलासपुर में बवाल के बाद लौटी रफ्तार, 9 उपद्रवी जेल भेजे, पुलिस ने जारी किया WhatsApp नंबर

फल की टोकरी लेकर गेट तक पहुंचा था कैदी

घटना को लेकर सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, बुधवार को जेल में स्कूली बच्चों के साथ रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। बताया जा रहा है कि इसी कार्यक्रम के लिए कैदी नीलेश निर्वेदी फलों की टोकरी लेकर जेल गेट के पास पहुंचा था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर प्रहरी पर गोली चला दी। हालांकि, घटना के पीछे कैदी की पूरी मंशा क्या थी और उसने गोली क्यों चलाई, इसकी स्पष्ट जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

कौन है कैदी नीलेश निर्वेदी?

जानकारी के अनुसार, नीलेश निर्वेदी बरेली के पास दिमाड़ा गांव का रहने वाला है। वह रायसेन जिला जेल में विचाराधीन कैदी के तौर पर बंद था। उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वह इसी मामले में जेल में बंद था। अब जेल के अंदर उसके पास हथियार कैसे पहुंचा और उसने गोली चलाने की योजना कैसे बनाई, पुलिस और जेल प्रशासन के लिए यह जांच का अहम हिस्सा है।

रायसेन जेल में राखी का भावुक पर्व, बंदियों की कलाई पर सजा बहनों का प्यार; पौधे देकर दिया हरित संदेश

गोली लगने के बाद भोपाल रेफर

गोली चलने के बाद घायल प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर को जेल कर्मचारियों ने तुरंत जिला अस्पताल रायसेन पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उनकी हालत गंभीर बताई। गोली कमर के नीचे लगी थी और शरीर के अंदर चली गई थी। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी हालत को लेकर मेडिकल टीम निगरानी कर रही है।

जेल में कट्टा पहुंचा कैसे? सबसे बड़ा सवाल

इस घटना के बाद रायसेन जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस जगह कैदियों की कड़ी निगरानी होती है, वहां एक विचाराधीन कैदी के पास देसी कट्टा और गोली कैसे पहुंची?

क्या जेल में हथियार की तलाशी नहीं हुई?

क्या किसी कर्मचारी की लापरवाही से हथियार अंदर पहुंचा? या फिर कैदी ने किसी और तरीके से हथियार हासिल किया? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।

जेल प्रशासन और पुलिस जांच में जुटे

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और जेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कैदी के पास हथियार कहां से आया और घटना से पहले उसकी गतिविधियां क्या थीं। जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, कैदियों की निगरानी और गेट पर होने वाली तलाशी भी जांच के दायरे में आ सकती है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts