Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुना में वन विभाग की टीम पर फायरिंग का आरोप, युवक की पीठ में लगे छर्रे; दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR

मध्य प्रदेश के गुना जिले के बमोरी में वन विभाग की टीम और एक युवक के बीच विवाद का मामला सामने आया है। सोनखरा गांव के नंदकिशोर शिकारी ने वनपाल पर फायरिंग का आरोप लगाया है। युवक की पीठ और कोहनी में छर्रे लगने का दावा है। वहीं, वन विभाग की शिकायत पर युवक के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है।
गुना में वन विभाग की टीम पर फायरिंग का आरोप, युवक की पीठ में लगे छर्रे; दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR

मध्य प्रदेश के गुना जिले के बमोरी इलाके में वन विभाग की टीम और एक युवक के बीच विवाद का मामला सामने आया है। सोनखरा गांव के 19 वर्षीय युवक नंदकिशोर शिकारी ने वन विभाग की टीम पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। युवक का दावा है कि गोली के छर्रे उसकी पीठ और कोहनी में लगे हैं। वहीं, वन विभाग की टीम ने युवक पर वन भूमि पर अवैध जुताई करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवक की शिकायत पर वनपाल संतोष सोपारा के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं, वन विभाग की शिकायत पर नंदकिशोर के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है।

खेत में ट्रैक्टर चलाते समय हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, सोनखरा गांव निवासी नंदकिशोर (19), पिता रघुवीर सिंह शिकारी ने बमोरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि शनिवार रात करीब 9:50 बजे वह ट्रैक्टर लेकर मक्का के डंठल तोड़ने के लिए किराए पर लिए गए देवेंद्र शिकारी के खेत में गया था। खेत के पास मनमोहन शिकारी और गिर्राज धाकड़ सो रहे थे। नंदकिशोर के मुताबिक, इसी दौरान वन विभाग की गाड़ी वहां पहुंची। गाड़ी से वर्दी पहने एक व्यक्ति उतरा, जिसके हाथ में बंदूक थी। युवक ने आरोप लगाया कि उस व्यक्ति ने उसे जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। इसके छर्रे उसकी पीठ और कोहनी में लगे।

युवक का आरोप- ट्रैक्टर से भागा तो गाड़ी से पीछा किया

नंदकिशोर ने शिकायत में बताया कि फायरिंग के बाद वह ट्रैक्टर लेकर गांव की ओर भागने लगा। आरोप है कि वन विभाग की टीम ने गाड़ी से उसका पीछा किया और पीछे से भी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली ट्रैक्टर के पिछले हिस्से में लगी। युवक के अनुसार, टीम ने गांव के श्मशान घाट तक उसका पीछा किया। किसी तरह वह वहां से बचकर घर पहुंचा और अपने पिता को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। युवक ने बताया कि ग्रामीणों से उसे वनपाल संतोष सोपारा के फायरिंग करने की जानकारी मिली। पुलिस ने नंदकिशोर की शिकायत पर वनपाल संतोष सोपारा के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।

Breaking News

वन विभाग का आरोप- वन भूमि पर हो रही थी अवैध जुताई

दूसरी ओर, वन विभाग ने भी इस मामले में पुलिस को शिकायत दी है। वनपाल सरदार सिंह भिलाला ने एसडीओ फॉरेस्ट का पत्र थाने में पेश किया। इसमें बताया गया कि शनिवार को बमोरी वन परिक्षेत्र की टीम गश्त पर निकली थी। टीम में वनपाल संतोष कुमार सोपारा, सरदार सिंह भिलाला समेत कई वनकर्मी शामिल थे। वन विभाग के अनुसार, टीम जब मडई मुंडी बीट के वन कक्ष क्रमांक PF 433 में पहुंची, तो रात करीब 9:45 बजे नंदकिशोर शिकारी वन भूमि पर कथित तौर पर अवैध रूप से जुताई कर रहा था। वन विभाग की शिकायत के मुताबिक, टीम ने जब उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने वनकर्मियों को गालियां दीं और शासकीय कार्य में बाधा डाली।

वन विभाग का दावा- ट्रैक्टर से कुचलने की धमकी दी

वन विभाग ने आरोप लगाया कि नंदकिशोर ने ट्रैक्टर के सामने आने पर वनकर्मियों को कुचलकर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, इसके बाद वह ट्रैक्टर को तेजी से वनपाल संतोष सोपारा की ओर दौड़ाते हुए मौके से भाग गया। एसडीओ फॉरेस्ट के पत्र के आधार पर पुलिस ने नंदकिशोर के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल, इस मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। युवक ने वन विभाग की टीम पर फायरिंग का आरोप लगाया है, जबकि वन विभाग ने वन भूमि पर अवैध जुताई और सरकारी काम में बाधा डालने की शिकायत की है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts