इक्वाडोर के चर्च में हादसा, मौत पर उपदेश दे रहे थे पादरी, तभी सिर पर गिरा भारी क्रॉस, गई जान

दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर के एक चर्च में प्रार्थना सभा के दौरान दुखद हादसा हो गया। यहां लोगों को उपदेश दे रहे एक कैथोलिक पादरी के ऊपर दीवार पर टंगा भारी क्रॉस अचानक गिर गया। इस हादसे में पादरी की मौत हो गई। घटना के समय चर्च में प्रार्थना सभा का लाइव प्रसारण चल रहा था, जिसके कारण यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
पादरी के ऊपर अचानक गिरा भारी क्रॉस
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक पादरी की पहचान फादर पैट्रिसियो अल्फ्रेडो सांचेज मोलिनारी के रूप में हुई है। वह इक्वाडोर के ग्वायाकिल शहर में स्थित ‘चर्च ऑफ आवर लेडी ऑफ परपेचुअल हेल्प’ में सेवाएं देते थे। ग्वायाकिल के आर्चडायसीस ने जानकारी दी कि शनिवार को हुए इस हादसे में पादरी की जान चली गई। घटना के समय पादरी वेदी के पीछे खड़े होकर वहां मौजूद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उनके ठीक पीछे दीवार पर एक बड़ा क्रॉस टंगा हुआ था। इसी दौरान अचानक क्रॉस दीवार से उखड़कर उनके सिर के पिछले हिस्से पर गिर गया। इस अप्रत्याशित घटना के बाद पादरी दोबारा उठ नहीं सके।
हादसे के बाद चर्च में मची अफरा-तफरी
क्रॉस गिरते ही चर्च में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। लोग घबरा गए और वहां चीख-पुकार शुरू हो गई। कुछ लोग तुरंत पादरी की मदद के लिए दौड़े, जबकि एम्बुलेंस को भी बुलाया गया। बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन अधिकारियों के अनुसार, उसी दिन पादरी को मृत घोषित कर दिया गया। यह हादसा उस समय हुआ, जब चर्च में प्रार्थना सभा का लाइव प्रसारण किया जा रहा था। इस वजह से घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। हालांकि, बाद में लाइव प्रसारण का वीडियो हटा दिया गया।
ये भी पढ़ें: JD का यू-टर्न? H-1B कर्मचारियों को 'बंधुआ मजदूर' कहकर फंसे वेंस, अब दी सफाई, बोले- मेरी भाषा शायद सही नहीं थी
हादसे से पहले जिंदगी और मौत पर दे रहे थे उपदेश
इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि हादसे से कुछ ही पल पहले पादरी लोगों को जिंदगी और मौत के बारे में समझा रहे थे। अपने उपदेश में उन्होंने ईसा मसीह के संदेशों का जिक्र करते हुए लोगों से कहा कि उन्हें अपना कीमती समय मोबाइल फोन पर लगातार स्क्रॉल करने में बर्बाद नहीं करना चाहिए। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे अपना समय ईश्वर और अपने प्रियजनों के साथ बिताएं। पादरी ने कहा कि एक दिन हर इंसान को दुनिया से विदा होना है। ऐसे में हमें यह समझना चाहिए कि हम अपना समय किन चीजों में लगा रहे हैं और हमारे जीवन में वास्तव में क्या मायने रखता है।
प्रार्थना करते समय हुआ हादसा
उपदेश देने के बाद पादरी ने दोबारा प्रार्थना शुरू की। वह ईश्वर से वहां मौजूद लोगों को आशीर्वाद देने की प्रार्थना कर रहे थे। तभी उनके पीछे दीवार पर लगा भारी क्रॉस अचानक नीचे गिर गया। कुछ ही पलों में प्रार्थना सभा का माहौल बदल गया। जिस चर्च में लोग शांति और आशीर्वाद की कामना के लिए इकट्ठा हुए थे, वहां मातम छा गया। पादरी की अचानक हुई मौत से वहां मौजूद लोग सदमे में आ गए। इक्वाडोर के इस चर्च में हुआ हादसा कई लोगों के लिए बेहद दुखद रहा। जिंदगी और मौत पर उपदेश दे रहे पादरी के साथ प्रार्थना के दौरान हुई इस घटना ने वहां मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया। लाइव प्रसारण में रिकॉर्ड हुए इस घटनाक्रम ने चर्च में सुरक्षा और दीवार पर भारी धार्मिक प्रतीकों को लगाने के इंतजामों पर भी सवाल खड़े किए हैं।




















