एशियन पैरा गेम्स 2026: मोना अग्रवाल ने जीता गोल्ड , अवनी लेखरा को मिला सिल्वर, PM मोदी ने दी बधाई

एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में मोना अग्रवाल ने गोल्ड मेडल जीतकर भारत को प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण पदक दिलाया। वहीं, भारत की अवनी लेखरा ने भी शानदार निशानेबाजी करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इस तरह भारत को एक ही स्पर्धा में गोल्ड और सिल्वर दोनों पदक मिले। मोना अग्रवाल ने फाइनल में 250 अंक हासिल किए और पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरी ओर, अवनी लेखरा ने 249.6 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल कर सिल्वर मेडल जीता। दोनों भारतीय महिला खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से देश को दोहरी खुशी मिली।
क्वालीफिकेशन राउंड में भी मोना ने किया कमाल
फाइनल से पहले मोना अग्रवाल ने क्वालीफिकेशन राउंड में भी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 629.1 अंक हासिल कर एशियन पैरा गेम्स का रिकॉर्ड बनाया और पहले स्थान पर रहीं। अवनी लेखरा ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए क्वालीफिकेशन राउंड में दूसरा स्थान हासिल किया था। फाइनल में भी दोनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन को बरकरार रखा। मुकाबले के दौरान एक समय मोना अग्रवाल पांचवें स्थान पर चल रही थीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। आखिरी दौर में उन्होंने शानदार निशाने लगाए और 250 अंक हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। वहीं, अवनी लेखरा ने 249.6 अंक के साथ सिल्वर मेडल जीता।
ये भी पढ़ें: सुनील गावस्कर ने भारत की कमजोर गेंदबाजी पर साधा निशाना, कहा- चार एक्सपर्ट बॉलर केे बिना खेलना ठीक नहीं
मोना अग्रवाल के लिए खास है यह गोल्ड मेडल
मोना अग्रवाल की यह जीत उनके संघर्ष और मेहनत की कहानी को भी सामने लाती है। राजस्थान के सीकर में जन्मी मोना को महज नौ महीने की उम्र में पोलियो हो गया था, जिसका असर उनके दोनों पैरों पर पड़ा। हालांकि, उन्होंने मुश्किलों को अपने रास्ते की रुकावट नहीं बनने दिया और खेलों में अपनी अलग पहचान बनाई। पैरा शूटिंग में आने से पहले मोना ने पैरा एथलेटिक्स, पैरा पावरलिफ्टिंग और महिलाओं की सिटिंग वॉलीबॉल में भी हिस्सा लिया था। इसके बाद उन्होंने निशानेबाजी में अपना करियर बनाया और लगातार बेहतर प्रदर्शन किया। मोना अग्रवाल 2024 के पैरालंपिक खेलों में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा, इसी साल पैरा शूटिंग विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने सिल्वर मेडल भी जीता था। एशियन पैरा गेम्स 2026 में गोल्ड जीतना उनकी उपलब्धियों में एक और बड़ी कामयाबी है।
ये भी पढ़ें: भारत की वनडे टीम में बड़े बदलाव, जडेजा-जायसवाल टीम से बाहर, नए खिलाड़ियों को मौका
अवनी लेखरा भी हैं बड़ी खिलाड़ी
अवनी लेखरा भी भारतीय पैरा शूटिंग की प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 पैरालंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीते थे। इस बार उन्हें अपनी ही देश की खिलाड़ी मोना अग्रवाल से कड़ी चुनौती मिली और उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। हालांकि, अवनी की यह उपलब्धि भी भारत के लिए महत्वपूर्ण है। दोनों खिलाड़ियों ने एक ही स्पर्धा में पहले और दूसरे स्थान पर रहकर भारतीय निशानेबाजी की ताकत दिखाई। मोना अग्रवाल का गोल्ड और अवनी लेखरा का सिल्वर मेडल एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत के लिए यादगार उपलब्धि बन गया है।
PM मोदी ने दी बधाई
एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बधाई दी है उन्होंने कहा – ‘मोना अग्रवाल को बधाई! अपने शानदार स्कोर की बदौलत, उन्होंने एशियन पैरा गेम्स का एक नया रिकॉर्ड भी बनाया है! यह एक उल्लेखनीय उपलब्धि है, जिसने भारत के लिए पहले दिन को और भी खास बना दिया है। उनकी सटीकता, दृढ़ संकल्प और संयम वास्तव में सराहनीय हैं। भविष्य की प्रतियोगिताओं में उनकी निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएं’।




















