सोहागपुर में मंगलम गरबा महोत्सव का धमाकेदार समापन, गरबा क्वीन से लेकर एनर्जेटिक कपल तक हुए सम्मानित

सोहागपुर। मध्य प्रदेश के सोहागपुर स्थित वाटिका गार्डन में द ड्रीम टीम की ओर से आयोजित दो दिवसीय मंगलम गरबा महोत्सव का शुक्रवार देर रात शानदार समापन हुआ। महोत्सव में किशोरियों, महिलाओं, युवाओं और कपल्स ने पूरे उत्साह के साथ गरबा किया। राजस्थानी, गुजराती और पंजाबी गीतों पर एकल, युगल और समूह नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
मुंबई से आईं कलाकार स्वर्णा मुद्गल ने अपनी एंकरिंग से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में एडीजे अतुल सक्सेना और न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी संगीता डाबर ने भी सपरिवार शिरकत की। जनपद पंचायत अध्यक्ष जालम सिंह पटेल, उपाध्यक्ष राघवेंद्र रघुवंशी और वरिष्ठ समाजसेवी चौधरी राजेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता में गुंजन सतूनिया प्रथम
गरबा महोत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें सबसे अधिक व्यूज मिलने पर गुंजन सतूनिया को पहला, कनिष्का दुबे को दूसरा और यशली चौरसिया को तीसरा पुरस्कार प्रदान किया गया।
गरबा क्वीन ग्रुप ने जीता सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति का पुरस्कार
द ड्रीम टीम के अमन मालवीय और विवेक आम्रवंशी ने बताया कि समूहों की प्रस्तुतियों में गरबा क्वीन ग्रुप को सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति का पुरस्कार मिला। वहीं, सुहानी चौधरी और उनकी टीम को बेहतरीन तालमेल के लिए सम्मानित किया गया। सुषमा नितिन वर्मा को मोस्ट एनर्जेटिक कपल और आरती गौरव भावसार को बेस्ट कोऑर्डिनेटेड कपल का खिताब दिया गया।




















