Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रायपुर में 2 करोड़ की साइबर ठगी, फर्जी WhatsApp प्रोफाइल से कंपनी को लगाया चूना,1 करोड़ रुपये होल्ड

अधिकृत अधिकारी के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर ट्रांसफर कराई रकम, कोलकाता के बैंक खाते से जुड़े तार, तेलीबांधा पुलिस ने दर्ज की FIR ,रायपुर में फर्जी WhatsApp प्रोफाइल के जरिए करीब 2 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने कंपनी के अधिकृत अधिकारी की पहचान का दुरुपयोग कर रकम दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर कराई। शुरुआती जांच में खाते का संबंध कोलकाता से सामने आया है।
रायपुर में 2 करोड़ की साइबर ठगी, फर्जी WhatsApp प्रोफाइल से कंपनी को लगाया चूना,1 करोड़ रुपये होल्ड

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। ठगों ने एक कंपनी के अधिकृत अधिकारी के नाम से फर्जी WhatsApp प्रोफाइल बनाकर करीब 2 करोड़ रुपये दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। ठगी का पता चलते ही कंपनी ने बैंक और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की। त्वरित कार्रवाई के बाद करीब 1 करोड़ रुपये होल्ड कराए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले में तेलीबांधा पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संबंधित खबर: रायपुर में NIA अधिकारी बनकर 62 साल की महिला से 7 लाख की ठगी, 5 दिन तक बनाया बंधक

अधिकारी के नाम से फर्जी प्रोफाइल, कंपनी को भेजे गए भुगतान के निर्देश

प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपियों ने कंपनी से जुड़े अधिकृत व्यक्ति के मोबाइल नंबर और पहचान का दुरुपयोग कर फर्जीवाड़ा किया। अधिकारी के नाम से WhatsApp पर प्रोफाइल तैयार की गई और उसके माध्यम से रकम ट्रांसफर करने के निर्देश दिए गए। इन निर्देशों पर भरोसा करते हुए कंपनी की ओर से बताए गए बैंक खाते में करीब 2 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। इस तरह आरोपियों ने कंपनी की भुगतान प्रक्रिया को निशाना बनाकर बड़ी रकम की धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

कोलकाता के बैंक खाते तक पहुंची रकम, कई खातों में ट्रांसफर

पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि जिस बैंक खाते में रकम भेजी गई, वह कोलकाता का है। आरोपियों ने खाते में पैसा पहुंचने के बाद उसे अन्य बैंक खातों में भी ट्रांसफर किया। शिकायत दर्ज होने से पहले करीब 1 करोड़ रुपये अलग-अलग खातों से निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब रकम के लेन-देन की पूरी कड़ी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पैसा किन खातों में गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

डेढ़ से दो घंटे में शिकायत, करीब 1 करोड़ रुपये होल्ड

ठगी का पता चलते ही कंपनी ने संबंधित बैंक को ईमेल के जरिए सूचना दी। इसके साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई। समय रहते शिकायत मिलने से पुलिस और संबंधित एजेंसियां ठगी की रकम में से करीब 1 करोड़ रुपये होल्ड कराने में सफल रहीं। हालांकि, बाकी रकम की स्थिति और उसके अंतिम लाभार्थियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

संबंधित खबर: छग में साइबर ठगों का बड़ा खेल! मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का WhatsApp हैक, 32 हजार की मांग, PA के नाम पर भी ठगी की कोशिश

वंकाल केबल्स के CFO ने दर्ज कराई शिकायत

मामले में शिकायत वंकाल केबल्स एंड ट्रांसमिशन लिमिटेड के मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) ओमकार वरु ने दर्ज कराई है। कंपनी का कार्यालय रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र स्थित मैग्नेटो मॉल में है। पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। एसीपी सिविल लाइंस रमाकांत साहू के मुताबिक, मामले में 17 अक्टूबर को FIR दर्ज की गई है। अधिकृत व्यक्ति की पहचान और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी की गई है। फिलहाल तकनीकी जांच जारी है।

कई बैंक खाते सीज, आरोपियों की तलाश जारी

रायपुर पुलिस के अनुसार, ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और रकम के ट्रांजैक्शन की जांच की जा रही है। कई बैंक खातों को सीज कराने की कार्रवाई भी की गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के साथ ठगी की शेष रकम का पता लगाने में जुटी है। इस घटना ने एक बार फिर कंपनियों के लिए डिजिटल भुगतान की सुरक्षा और पहचान की पुष्टि की जरूरत को उजागर किया है। किसी अधिकारी के नाम से WhatsApp पर भुगतान का निर्देश मिलने पर रकम ट्रांसफर करने से पहले संबंधित व्यक्ति से दूसरे माध्यम से पुष्टि करना जरूरी है।

संबंधित खबर: CBI-IPS बनकर 44 दिन तक डिजिटल अरेस्ट,6.80 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर कारोबारी से ठगे 8.50 लाख

साइबर सुरक्षा अलर्ट:

यदि आपके साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है, तो तुरंत अपने बैंक को सूचित करें और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। शुरुआती समय में की गई शिकायत से रकम को होल्ड कराने की संभावना बढ़ सकती है।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts