रायसेन: कलेक्टर ने बरेली तहसील का किया निरीक्षण, राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में करने के दिए निर्देश

रायसेन। निरीक्षण के दौरान नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, डायवर्सन और भू-अर्जन सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों की संख्या, उनके लंबित रहने के कारण और निराकरण की समय-सीमा की जानकारी ली। उन्होंने पुराने और लंबे समय से लंबित मामलों को चिन्हित कर प्राथमिकता से निराकरण कराने के निर्देश दिए।
पुराने प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश
कलेक्टर विश्वकर्मा ने निर्देशित किया कि पुराने और लंबे समय से लंबित प्रकरणों को चिन्हित कर प्राथमिकता से उनका निराकरण कराया जाए। राजस्व न्यायालयों में चल रहे प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई, अभिलेखों का परीक्षण और पक्षकारों को सुनवाई का उचित अवसर प्रदान करने को कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों के मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
आम नागरिकों को बार-बार कार्यालय न आना पड़े
कलेक्टर विश्वकर्मा ने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों में आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से बार-बार कार्यालय ना आना पड़े और निर्धारित समय-सीमा में उनके प्रकरणों का निराकरण हो, यह प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को इसी दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का समय पर निराकरण होने से आम नागरिकों को राहत मिलेगी और प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।
अभिलेख रखरखाव और नागरिक सुविधाओं का जायजा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने राजस्व अभिलेखों के रखरखाव और रिकॉर्ड की स्थिति का भी निरीक्षण किया। साथ ही तहसील कार्यालय आने वाले आम नागरिकों की सुविधा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि कार्यालय में साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और जानकारी पट्ट स्पष्ट रूप से लगाए जाएं, ताकि लोगों को भटकना न पड़े। कलेक्टर के इस निरीक्षण से तहसील में लंबित प्रकरणों के तुरंत निराकरण की उम्मीद जगी है।












