PlayBreaking News

रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष से लूट :बाइक सवार बदमाशों ने धरमलाल कौशिक से छीना फोन, मार्निंग वॉक के दौरान हुई घटना

रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और बीजेपी नेता धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट का शिकार हो गए। बाइक सवार बदमाश उनका फोन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। कांग्रेस ने कानून व्यवस्था और कमिश्नरेट सिस्टम पर सवाल उठाए हैं।
Follow on Google News
बाइक सवार बदमाशों ने धरमलाल कौशिक से छीना फोन, मार्निंग वॉक के दौरान हुई घटना
रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कौशिक से मोबाइल की लूट।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई जिसने शहर की कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए। बीजेपी के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल स्नैचिंग का शिकार हो गए। बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना ऐसे समय हुई है जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर रायपुर में हाई अलर्ट लागू है। इसके बावजूद राजधानी के वीआईपी इलाके में हुई इस वारदात ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई वारदात

जानकारी के मुताबिक, धरमलाल कौशिक सोमवार सुबह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। घटना रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी ब्रिज और भारत माता चौक के पास की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि, सुबह करीब 8:15 बजे वे अकेले पैदल टहल रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार एक बदमाश तेजी से उनके पास आया और हाथ में रखा मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गया। 

घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप

मोबाइल लूट की घटना के तुरंत बाद धरमलाल कौशिक ने पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही रायपुर पुलिस एक्टिव हो गई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि, बदमाशों ने पहले से रेकी की थी और मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, आरोपी बाइक पर थे और घटना के बाद तेजी से भाग निकले। फिलहाल उनकी तलाश जारी है।

Featured News

हाई अलर्ट के बीच वारदात से उठे सवाल

यह घटना ऐसे समय हुई है जब रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट जारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को देखते हुए राजधानी में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके बावजूद शहर के अहम इलाके में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और बीजेपी के वरिष्ठ नेता के साथ हुई लूट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कांग्रेस ने सरकार और पुलिस पर साधा निशाना

घटना के बाद कांग्रेस ने राज्य सरकार और रायपुर कमिश्नरेट सिस्टम पर हमला बोला है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि, जब बीजेपी के वरिष्ठ नेता ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि, कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद राजधानी में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। पुलिस अपराध रोकने की बजाय केवल चालान काटने में व्यस्त है।

लगातार बढ़ रही मोबाइल स्नैचिंग की घटनाएं

रायपुर में पिछले कुछ समय से मोबाइल लूट और स्नैचिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। दो दिन पहले ही पंडरी इलाके में एक युवक पर ब्लेड से हमला कर उसका मोबाइल लूट लिया गया था। अब बीजेपी के वरिष्ठ नेता के साथ हुई यह घटना राजधानी में बढ़ते अपराध को लेकर नई बहस छेड़ रही है।

Breaking News

कौन हैं धरमलाल कौशिक?

धरमलाल कौशिक छत्तीसगढ़ बीजेपी के बड़े और अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। वे बिलासपुर जिले की बिल्हा विधानसभा सीट से विधायक हैं। साल 2023 के विधानसभा चुनाव में वे चौथी बार विधायक चुने गए। वे छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष जैसे अहम पदों की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। राज्य की राजनीति में उनका लंबा अनुभव और मजबूत पकड़ मानी जाती है।

पुलिस का दावा- जल्द पकड़ेंगे आरोपी

रायपुर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है। शहर के कई इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और संदिग्धों की पहचान की कोशिश जारी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts