24 फरवरी को भोपाल में इंडो-यूएस ट्रेड डील के खिलाफ किसान महाचौपाल आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मुख्य वक्ता होंगे।
राहुल गांधी दोपहर 1 बजे भोपाल पहुंचेंगे और 2 बजे से महाचौपाल शुरू होगी। राहुल से पहले मल्लिकार्जुन खड़गे करीब दोपहर 12 बजे भोपाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वे कुछ समय निजी होटल में रुकने के बाद कार्यक्रम स्थल जाएंगे। दोनों नेता करीब पौने दो बजे मंच पर पहुंचेंगे।
कांग्रेस ने पहले लाल परेड ग्राउंड की अनुमति मांगी थी, लेकिन प्रशासन ने जवाहर चौक पर सभा की इजाजत दी है। यहां दो बड़े डोम तैयार किए गए हैं।
पूर्व विधायक संजय यादव के अनुसार, मंच पर करीब 250 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। मंच के सामने बड़ा डोम बनाया गया है। दावा है कि इस महाचौपाल में करीब 50 हजार लोग शामिल होंगे।
मंच पर मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ जयराम रमेश, पवन खेड़ा, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, कांग्रेस विधायक, राज्यसभा सांसद, पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के सदस्य और सभी 71 जिला अध्यक्ष मौजूद रहेंगे।
महाचौपाल में शामिल होने के लिए प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता बसों से भोपाल आ रहे हैं। मऊगंज के पूर्व विधायक सुखेन्द्र सिंह बन्ना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें वे खुद बस चलाते हुए नजर आ रहे हैं और कार्यकर्ता नारेबाजी करते दिख रहे हैं।