Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के बाद करेंगे 'भारत न्याय यात्रा', मणिपुर से 14 जनवरी से शुरू होगा सफर, 6200 किमी की यात्रा मुंबई में होगी खत्म

Follow on Google News
राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के बाद करेंगे 'भारत न्याय यात्रा', मणिपुर से 14 जनवरी से शुरू होगा सफर, 6200 किमी की यात्रा मुंबई में होगी खत्म
नई दिल्ली। 'भारत जोड़ो यात्रा' के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी अब 'भारत न्याय यात्रा' करने वाले हैं। 2024 लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बड़ा फैसला किया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की दूसरी यात्रा लोगों को सामाजिक और आर्थिक न्याय दिलाने के लिए की जा रही है। यात्रा 14 जनवरी से मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। इस दौरान यात्रा 14 राज्यों को कवर करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश ने पार्टी हेडक्वार्टर में मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस पार्टी भारत न्याय यात्रा करेगी। इस यात्रा के मुख्य चेहरे राहुल गांधी ही होंगे। भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत कन्याकुमारी से हुई थी, जो कश्मीर में जाकर खत्म हुई थी। राहुल ने इस यात्रा में दक्षिण से उत्तर का सफर किया था।

14 राज्यों को कवर करेगी यात्रा

कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 14 जनवरी को मणिपुर में भारत न्याय यात्रा को झंडा दिखाएंगे। ये यात्रा 20 मार्च को जाकर मुंबई में खत्म होगी। कांग्रेस की ये यात्रा पहले की तरह पूरी पैदल नहीं होगी। इस मेगा यात्रा में बस का इस्तेमाल किया जाएगा। भारत न्याय यात्रा 14 राज्यों के 85 जिलों से होकर गुजरेगी। 6200 किलोमीटर की इस यात्रा में कांग्रेस जिन राज्यों को कवर करेगी, उनमें मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र शामिल हैं।

भारत न्याय यात्रा क्यों रखा गया नाम?

वहीं जब कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश से पूछा गया कि इस यात्रा का नाम न्याय यात्रा क्यों रखा गया, तो उन्होंने कहा कि हम जनता को आश्वासन को दिलाना चाहते हैं कि आर्थिक, सामाजिक और रणनीतिक न्याय उपलब्ध कराएंगे। पहली यात्रा 12 राज्यों से होकर गुजरी थी, जबकि ये दूसरी यात्रा 14 राज्यों से होकर गुजरेगी। कांग्रेस पार्टी के अनुसार, भारत जोड़ो यात्रा का मुख्य उद्देश्य 'घृणा, भय और कट्टरता' की राजनीति से लड़ना था। इसके अलावा केंद्र सरकार द्वारा लोगों की आकांक्षाओं की उपेक्षा और राजनीतिक केंद्रीकरण व अन्याय के खिलाफ लड़ना है।

मणिपुर से ही यात्रा की शुरुआत क्यों ?

पार्टी ने यात्रा शुरुआत मणिपुर इसलिए की, क्योंकि वहां बीते साल मई महीने से हिंसा का दौर जारी है। केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर अबतक मणिपुर में हिंसा नहीं रोक पाई है। राहुल गांधी भी कुछ दिनों के लिए मणिपुर दौरे पर गए हुए थे और वहां हिंसा पीड़ितों से मुलाकात भी की थी। इसके अलावा कांग्रेस मणिपुर हिंसा को लेकर संसद में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी लेकर आई थी। हालांकि ये प्रस्ताव गिर गया था।

कन्याकुमारी से कश्मीर तक की थी भारत जोड़ो यात्रा

इससे पहले राहुल गांधी ने 7 सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक भारत जोड़ो यात्रा की थी। 145 दिनों की यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू होकर जम्मू-कश्मीर में खत्म हुई थी। तब राहुल ने 3570 किलोमीटर की यात्रा में 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों को कवर किया था।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts