कतर के LNG प्लांट में भीषण धमाका :12 भारतीयों समेत 13 की मौत; 66 लोग घायल, भारतीय दूतावास मदद के लिए आया आगे

कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) कॉम्प्लेक्स में हुए भीषण धमाके ने बड़ा मानवीय नुकसान पहुंचाया है। इस हादसे में 12 भारतीय नागरिकों समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 66 लोग घायल हुए हैं। दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
कहां हुआ हादसा?
यह विस्फोट बरजान गैस फैसिलिटी में हुआ, जो कतर के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा केंद्र रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी का हिस्सा है। यह क्षेत्र देश के एलएनजी उत्पादन और निर्यात का प्रमुख केंद्र माना जाता है। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाकों में भी इसका असर महसूस किया गया।कतरी अधिकारियों ने शुरुआती जांच के आधार पर इसे तकनीकी दुर्घटना बताया है। हालांकि, घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
12 भारतीयों समेत 13 लोगों की मौत
कतर के ऊर्जा मंत्री और कतर एनर्जी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी साद अल-काबी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों में भारतीय और पाकिस्तानी नागरिक शामिल हैं। बाद में भारतीय दूतावास ने पुष्टि की कि मृतकों में 12 भारतीय नागरिक हैं। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि रविवार रात हुए हादसे में भारतीय नागरिकों की मौत अत्यंत दुखद है। भारतीय मिशन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
यह भी पढ़ें: अमेरिका पर भरोसा नहीं... होर्मुज पर अपना नियंत्रण बढ़ाएगा ईरान; स्पीकर गालिबाफ का बड़ा बयान
66 लोग घायल, सभी की हालत स्थिर
धमाके में कुल 66 लोग घायल हुए हैं। राहत की बात यह है कि अधिकारियों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है और उनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। चिकित्सा टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया था और घायलों को तेजी से अस्पताल पहुंचाया गया। कतरी प्रशासन ने कहा है कि सभी प्रभावित लोगों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
भारतीय दूतावास लगातार संपर्क में
दोहा स्थित भारतीय दूतावास हादसे के बाद से लगातार एक्टिव है। दूतावास के अधिकारी कतरी प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के संपर्क में हैं ताकि प्रभावित भारतीयों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता मिल सके। दूतावास ने बताया कि मृतकों के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। साथ ही घायलों और उनके परिजनों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
आपातकालीन संपर्क नंबर
हेल्पलाइन नंबर: +974-55647502, +975-55384683
आधिकारिक ईमेल: cons.doha@mea.gov.in
जांच रिपोर्ट का इंतजार
कतर सरकार ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही धमाके की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल पूरे ऊर्जा क्षेत्र में सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए गए हैं और प्रभावित इकाई के संचालन को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। इस हादसे ने कतर में काम कर रहे हजारों प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर भी नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं।











